Top
Begin typing your search above and press return to search.

मानसी पारेख लेकर आ रही हैं गुजराती फिल्म 'मित्रता'

मुंबई, गुजराती सिनेमा में इन दिनों ऐसी कहानियों को भी खूब पसंद किया जा रहा है, जो आम जिंदगी के रिश्तों और उनसे जुड़ी भावनाओं को आसान तरीके से पर्दे पर पेश करती हैं।

मानसी पारेख लेकर आ रही हैं गुजराती फिल्म मित्रता
X

मुंबई, गुजराती सिनेमा में इन दिनों ऐसी कहानियों को भी खूब पसंद किया जा रहा है, जो आम जिंदगी के रिश्तों और उनसे जुड़ी भावनाओं को आसान तरीके से पर्दे पर पेश करती हैं। अब इसी कड़ी में नेशनल अवॉर्ड विनर अभिनेत्री और प्रोड्यूसर मानसी पारेख और पार्थिव गोहिल का प्रोडक्शन बैनर सोल सूत्र अपनी नई गुजराती फिल्म 'मित्रता' लेकर आ रहा है। फिल्म के नाम से ही जाहिर है कि इसकी कहानी दोस्ती के ईद-गिर्द होगी।

'मित्रता' को लेकर मानसी पारेख ने कहा, ''मैं और विराज घेलानी लंबे समय से दोस्त हैं। ऐसे में उनके साथ मिलकर इस फिल्म को पर्दे पर लाना मेरे लिए सामान्य फिल्मी प्रोजेक्ट से कहीं ज्यादा खास रहा। हमने इसे प्यार और मेहनत से तैयार किया है। मुझे उम्मीद है कि फिल्म देखने के बाद दर्शक अपनी पुरानी दोस्ती, दोस्तों के साथ बिताए पलों और उन यादों को याद करेंगे, जो समय बीतने के बाद भी दिल में बनी रहती हैं।''

फिल्म मेकर्स ने 'मित्रता' का टीजर भी रिलीज किया है। इसमें तीन दोस्तों की बॉन्डिंग की झलक देखने को मिलती है। विराज घेलानी, दीप वैद्य और विशाल पारेख के बीच की केमिस्ट्री टीजर में काफी मजेदार नजर आ रही है। इसमें हंसी-मजाक के साथ यंगस्टर्स की अलग ही एनर्जी दिखाई गई है। इसमें दोस्ती के खूबसूरत, उलझे हुए पल और इमोशनल सभी रंगों को दिखाया गया है।

विराज घेलानी ने 'मित्रता' का हिस्सा बनने को अपने लिए खास अनुभव बताया। उन्होंने कहा, ''फिल्म ने मेरी दो पसंदीदा चीजों को एक साथ ला दिया, दोस्ती और ऐसे लोगों के साथ मिलकर कुछ बनाना, जिनके साथ मैं जुड़ाव महसूस करता हूं। फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर एक अलग तरह का अपनापन और दोस्ती का माहौल था। सेट पर एक तरफ काम करने का उत्साह था, तो दूसरी तरफ यह जानने की खुशी भी थी कि सभी लोग मिलकर क्या बना सकते हैं।''

विराज ने आगे कहा, ''सेट पर जो एनर्जी और दोस्ती दिखाई दी, वही फिल्म में भी नजर आएगी। मैं दर्शकों को फिल्म दिखाने और उन दोस्तियों का जश्न मनाने के लिए उत्साहित हूं, जो लोगों की जिंदगी में खास जगह रखती हैं।''

'मित्रता' के निर्देशक ओनील कार्निक ने कहा, ''मेरे लिए यह फिल्म बेहद खास है, क्योंकि यह मेरे निर्देशन की पहली फिल्म है। हर फिल्म किसी जुनून से पैदा होती है और 'मित्रता' मेरे दिल के बेहद करीब है। फिल्म की पूरी कहानी दोस्ती और जुनून की भावना से जुड़ी है। फिल्म की तैयारी से लेकर शूटिंग और पोस्ट प्रोडक्शन तक पूरी कास्ट और क्रू ने खूब मेहनत की है। अब फिल्म को दर्शकों के सामने लाने का समय आ गया है, जिसे लेकर मैं काफी खुश हैं।''

सोल सूत्र के बैनर तले बनी 'मित्रता' को पार्थिव गोहिल और मानसी पारेख ने प्रोड्यूस किया है। यह गुजराती फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it