Top
Begin typing your search above and press return to search.

'ऐ दिल है मुश्किल' के 10 साल पूरे होने पर करण जौहर

मुंबई, फिल्ममेकर करण जौहर ने अपनी रोमांटिक फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' के रिलीज के 10 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर किया है।

ऐ दिल है मुश्किल के 10 साल पूरे होने पर करण जौहर
X

मुंबई, फिल्ममेकर करण जौहर ने अपनी रोमांटिक फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' के रिलीज के 10 साल पूरे होने पर सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने इस फिल्म को अपनी जिंदगी के अनुभवों, प्यार की तलाश, किसी को पाने की चाहत और दिल टूटने के एहसास से जुड़ी एक निजी कहानी बताया। करण ने कहा कि प्यार की ताकत इस बात से कहीं ज्यादा बड़ी है कि सामने वाला भी आपसे प्यार करता है या नहीं।

करण ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, '''ऐ दिल है मुश्किल' हमेशा मेरे लिए एक निजी कहानी रहेगी। यह प्यार और किसी को पाने की चाहत से जुड़े मेरे कई अनुभवों और शायद मेरे अपने दिल टूटने के एहसासों का मेल है। जिंदगी के सबसे भावुक दौर में से एक में मुझे एहसास हुआ कि एकतरफा प्यार को न तो अफसोस की जरूरत है और न ही सहानुभूति की। इसके लिए दर्द या हमदर्दी की भी जरूरत नहीं है। इसे बस गहराई और संजीदगी से समझने की जरूरत है क्योंकि प्यार की ताकत इस बात से कहीं बड़ी है कि सामने वाला भी आपको उसी तरह प्यार करता है या नहीं।''

करण ने लिखा, ''खुद को मजबूत बनाने के लिए यह जरूरी नहीं है कि सामने वाला भी आपसे बदले में प्यार करे। प्यार का एहसास अपने आप में इंसान को बहुत कुछ सिखाता है और उसे एक नई समझ देता है। किसी से प्यार करना निस्वार्थ भावना होनी चाहिए। प्यार करने वाले हम सभी लोगों को 'मैं तुमसे प्यार करता हूं' में छिपे 'मैं' को पीछे छोड़ना होगा। सच्चा प्यार वहीं होता है, जहां निस्वार्थ भावना होती है। इसी एहसास ने मुझे यह कहानी सुनाने के लिए प्रेरित किया।''

फिल्म को लेकर मिली मिली-जुली प्रतिक्रियाओं पर भी करण ने खुलकर बात की। उन्होंने माना कि फिल्म में कुछ कमियां थीं और खासकर इसके आखिरी हिस्से को लेकर लोगों की अलग-अलग राय थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर आज भी उन्हें यह फिल्म बनानी होती, तो वह इसे इसी तरह बनाते।

करण ने लिखा, ''मैं मानता हूं कि फिल्म में कुछ कमियां थीं और इसे लेकर लोगों की राय भी अलग-अलग रही, खासकर इसके तीसरे हिस्से को लेकर। लेकिन सच कहूं तो आज भी अगर मुझे यह कहानी सुनानी होती, तो मैं इसे इसी तरह सुनाता। इसकी कमियों और उन खामियों के साथ भी, जिन्हें कुछ लोगों ने महसूस किया।''

उन्होंने आगे कहा, ''कोई भी कला पूरी तरह परफेक्ट नहीं हो सकती और हर किसी को अपने तरह से राय रखने का अधिकार है। लेकिन एक कहानीकार के लिए अपने विचारों पर भरोसा रखना जरूरी है। मैं फिल्म के कलाकारों रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा, ऐश्वर्या राय बच्चन और फवाद खान का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने मेरे नजरिए को समझा और अपनी प्रतिभा से कहानी को पर्दे पर उतारा। साथ ही, मैं फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू को भी धन्यवाद करता हूं।''

करण ने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा, ''10 साल पहले हमने एकतरफा प्यार की कहानी सुनाई थी। फिल्म का मूल भाव 'एकतरफा प्यार' था लेकिन इस कहानी को पसंद करने वाले दर्शकों के लिए उनका प्यार हमेशा बिना किसी शर्त के रहेगा। आप सभी से दिल की गहराइयों से प्यार करता हूं। अच्छा चलता हूं, दुआओं में याद रखना।''

बता दें कि साल 2016 में रिलीज हुई 'ऐ दिल है मुश्किल' एक रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा फिल्म है, जिसे करण जौहर ने लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया था। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय बच्चन मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म 28 अक्टूबर 2016 को दिवाली के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it