हिमानी शिवपुरी ने शेयर किया संघर्ष भरा किस्सा
मुंबई, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी टेलीविजन और बॉलीवुड का जाना-माना नाम है।

मुंबई, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी टेलीविजन और बॉलीवुड का जाना-माना नाम है। मंगलवार को उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद किया, जब वह मां बनने की जिम्मेदारियों के साथ-साथ थिएटर भी किया करती थीं।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे जवानी के दिनों में अपने बेटे के साथ बैठी हैं और अपनी जिंदगी के उस दौर के एक प्यारे पल को कैप्चर कर रही हैं।
हिमानी शिवपुरी ने अपनी पोस्ट के जरिए उस समय के बारे में बताया जब वह एनएसडी रिपर्टरी कंपनी से जुड़ी थीं। उन दिनों को याद करते हुए, एक्ट्रेस ने कहा कि वह मयूर विहार में किराए के फ्लैट में रहती थीं और थिएटर रिहर्सल और परफॉर्मेंस के लिए हर दिन बस से मंडी हाउस जाती थीं। हिमानी ने अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के साथ घर संभालने और अपने बेटे की परवरिश को बैलेंस करना भी याद किया।
अभिनेत्री ने लिखा, "सुप्रभात। 80 के दशक की एक फोटो शेयर कर रही हूं, तब मैं दिल्ली के मयूर विहार में एक किराए के फ्लैट में रहती थी। रोज बस से मंडी हाउस जाती थी, एनएसडी रेपर्टरी कंपनी में थिएटर करती थी, घर का काम संभालती थी और बेटे की परवरिश करती थी, रिहर्सल करती थी। वो संघर्ष का दौर था, लेकिन मैं खुश थी क्योंकि मैं वो कर रही थी जो मुझे पसंद था-थिएटर!"
हिमानी शिवपुरी ने अपने करियर में 100 से ज्यादा बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। साथ ही, उन्होंने टीवी के कई सीरियल में भी अपनी अदाकारी दिखाई। उन्होंने 'हम आपके हैं कौन', 'राजा', 'खामोशी', 'मीरा के गिरधर', और 'परदेश' जैसी फिल्मों में काम किया है। हालांकि, नई युवा पीढ़ी उन्हें मशहूर टीवी शो 'हप्पू की उलटन पलटन' की कटोरी अम्मा के नाम से ही जानती है। हालांकि, अभिनेत्री ने कई समय पहले ही यह शो छोड़ दिया था।
इसी के साथ ही, अभिनेत्री ने अपना मायका उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित अपने पैतृक गांव भटवाड़ी को गोद लिया है। वह यहां महिलाओं और बच्चों के सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ ही शिक्षा व स्वास्थ्य के लिए भी कार्य करती हैं।


