Top
Begin typing your search above and press return to search.

बिश्नोई गैंग के नाम पर अभिनेता तुषार कपूर से 5 करोड़ की मांगी रंगदारी

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है।

बिश्नोई गैंग के नाम पर अभिनेता तुषार कपूर से 5 करोड़ की मांगी रंगदारी
X

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, अभिनेता को एक अज्ञात नंबर से फोन आया था, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया और 5 करोड़ रुपये की मांग की।

धमकी भरा कॉल आने के बाद तुषार कपूर ने तुरंत इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने इस केस की जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने तुषार कपूर को आए कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की गहनता से जांच की। पुलिस ने अपने डेटाबेस में मौजूद हैरी बॉक्सर के असली ऑडियो सैंपल से इस धमकी भरे कॉल की आवाज का मिलान किया।

मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों ऑडियो सैंपल आपस में मैच नहीं हुए हैं। इसलिए शुरुआती जांच में यह कॉल फर्जी होने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने सिर्फ दहशत फैलाने के इरादे से बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया है।

फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है जिसने यह कॉल किया था। कॉल की लोकेशन ट्रेस करने के साथ ही साइबर सेल भी इस मामले में मदद ले रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह है।

गौरतलब है कि तुषार कपूर फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह दिग्गज अभिनेता जितेंद्र और निर्माता शोभा कपूर के बेटे हैं जबकि उनकी बड़ी बहन एकता कपूर टीवी और फिल्मों की मशहूर निर्माता हैं।

तुषार कपूर 'मुझे कुछ कहना है', 'क्या दिल ने कहा', 'जीना सिर्फ मेरे लिए' और 'ये दिल' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। हालांकि, उन्हें असली पहचान कॉमेडी फिल्मों से मिली। 'क्या कूल हैं हम' सीरीज, 'गोलमाल', 'गोलमाल रिटर्न्स' और 'गोलमाल 3' उनकी सबसे चर्चित फिल्में हैं। फिल्म 'शोर इन द सिटी' में उनके गंभीर अभिनय को भी काफी सराहा गया था।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it