Top
Begin typing your search above and press return to search.

'एक दीवाने की दीवानियत' को 1 साल पूरे

मुंबई, निर्देशक मिलाप जावेरी की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' ने अपनी रिलीज के 1 साल पूरे कर लिए हैं।

एक दीवाने की दीवानियत को 1 साल पूरे
X

मुंबई, निर्देशक मिलाप जावेरी की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' ने अपनी रिलीज के 1 साल पूरे कर लिए हैं। बुधवार को फिल्म की मुख्य कलाकार अभिनेत्री सोनम बाजवा ने फिल्म को इतना प्यार देने के लिए दर्शकों का शुक्रिया अदा किया।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वह निर्देशक मिलाप जावेरी और अभिनेता हर्षवर्धन राणे समेत फिल्म की पूरी टीम के साथ नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने बताया कि यह फिल्म उनकी अब तक की सबसे चुनौतीपूर्ण फिल्मों में से एक थी। उन्होंने लिखा, "'एक दीवाने की दीवानियत' को एक साल पूरे हो गए हैं। यह मेरे लिए सबसे चुनौतीपूर्ण फिल्मों में से एक थी लेकिन सबसे मजेदार भी। इस फिल्म को इतने प्यार से अपनाने और इसे इतनी बड़ी सफलता बनाने के लिए आप सभी का शुक्रिया। हमेशा आपकी आभारी रहूंगी।"

फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' एक रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आई थी। यह फिल्म एक शक्तिशाली राजनेता के बेटे और एक मशहूर अदाकारा के बीच के एकतरफा और जुनूनी प्यार की कहानी है।

विक्रमादित्य भोसले (हर्षवर्धन राणे) एक रईस और दबंग राजनेता का बेटा है, जिसे बचपन से हर चीज पाने की आदत रही है और उसे प्रसिद्ध फिल्म एक्ट्रेस अदा (सोनम बाजवा) से पहली नजर में प्यार हो जाता है और वह हर हाल में उससे शादी करना चाहता है। जब अदा उसके इस एकतरफा और दबाव वाले प्यार को अस्वीकार कर देती है, तो कहानी प्यार से बदलकर खतरनाक जुनून और टकराव का रूप ले लेती है।

रिलीज के बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी और अच्छा कारोबार किया था। मिलाप जावेरी द्वारा निर्देशित फिल्म 'एक दीवाने की दीवानियत' के सह-निर्माता राघव शर्मा हैं। इसकी कहानी मुश्ताक शेख और मिलाप जावेरी ने मिलकर लिखी थी। फिल्म के गानों को खूब पसंद किया गया था, जिसे अंशुल गर्ग के बैनर देसी म्यूजिक फैक्टरी के तहत निर्मित किया गया था।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it