Top
Begin typing your search above and press return to search.

विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रही कांग्रेस: शायना एनसी

मुंबई, शिवसेना नेता शायना एनसी ने मंगलवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है।

विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रही कांग्रेस: शायना एनसी
X

मुंबई, शिवसेना नेता शायना एनसी ने मंगलवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने केरल कांग्रेस द्वारा भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) को हटाने को लेकर की गई पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और कांग्रेस पर देश की संस्थाओं पर सवाल उठाकर भारत की छवि खराब करने के लिए विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है।

शायना एनसी ने कहा, "केरल कांग्रेस ने पोस्ट किया था कि आपको सीजेआई को हटाना चाहिए और फिर उस पोस्ट को डिलीट कर दिया। मुझे लगता है कि इस पर सफाई की जरूरत है। क्योंकि इस तरह के भड़काऊ बयान से पता चलता है कि विदेशी ताकतें कांग्रेस पार्टी पर असर डाल रही हैं ताकि भारत को अस्थिर किया जा सके।"

उन्होंने आगे कहा, "आप सुप्रीम कोर्ट पर सवाल उठाते हैं, आप चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं, आप प्रधानमंत्री पर सवाल उठाते हैं, आप हमारी सभी जांच एजेंसियों पर सवाल उठाते हैं, आप संविधान पर सवाल उठाते हैं। जाहिर है, कुछ लोग भारत को अस्थिर करना चाहते हैं और कांग्रेस पार्टी का इस्तेमाल एक मोहरे के तौर पर कर रहे हैं।"

राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए शायना एनसी ने कहा, "भारत के लिए आपकी खतरनाक राजनीति शक के घेरे में है। हो सकता है कि इसमें किसी डबल एजेंट की भूमिका हो। हो सकता है कि कोई ऐसा गुट हो जो भारत को अस्थिर करना चाहता हो, और एक कमजोर और अस्थिर भारत सिर्फ हमारे विरोधियों के फायदे में है।"

शायना एनसी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत एक ग्लोबल इकोनॉमी के तौर पर मजबूत हुआ है, लेकिन विपक्ष नकारात्मक नैरेटिव बनाकर देश की तरक्की को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने राहुल गांधी को सलाह दी कि जब भी चुनाव आयोग या किसी संस्था पर सवाल उठाएं तो वेरिफाइड जानकारी के साथ उठाएं, वरना यह बिना सबूत की बात होगी।

धर्म और राजनीति को लेकर भी शायना एनसी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भगवान शिव की बात करते हैं लेकिन कभी अयोध्या नहीं गए। जब राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया तब भी वे मौजूद नहीं थे।उन्होंने कहा, "अब वक्त आ गया है कि वो बताएं कि उनका विश्वास क्या है, क्योंकि वो शिव भगवान का इस्तेमाल अपनी राजनीति के लिए करते हैं। यह कांग्रेस पार्टी को शोभा नहीं देता।"

वहीं आमिर खान के भांजे की नागरिकता पर किरीट सोमैया द्वारा सवाल उठाए जाने के मामले में शायना एनसी ने कहा कि इसमें कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है। अगर नागरिकता को लेकर सवाल उठता है तो पुलिस जांच कर सकती है। यह देश हित और सुरक्षा के दृष्टिकोण से जरूरी है और जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it