Top
Begin typing your search above and press return to search.

बर्थडे स्पेशल: विजयता पंडित डेब्यू फिल्म से रातोंरात बनीं स्टार

मुंबई, डेब्यू फिल्म से इंडस्ट्री में पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन विजयता पंडित उन अभिनेत्रियों में से एक हैं, जिन्होंने 1980 के दशक में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया।

बर्थडे स्पेशल: विजयता पंडित डेब्यू फिल्म से रातोंरात बनीं स्टार
X

मुंबई, डेब्यू फिल्म से इंडस्ट्री में पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन विजयता पंडित उन अभिनेत्रियों में से एक हैं, जिन्होंने 1980 के दशक में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया। वह उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से बॉलीवुड में इतनी मजबूत पहचान बनाई कि उनका नाम शीर्ष और सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिना जाने लगा।

विजयता पंडित एक अभिनेत्री होने के साथ-साथ प्लेबैक सिंगर रहीं। उनका जन्म 25 अगस्त 1967 को मुंबई के एक ऐसे प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था, जहां उनके पिता प्रताप नारायण पंडित एक शास्त्रीय गायक थे और उनके चाचा प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित जसराज थे।

उनकी बड़ी बहन सुलक्षणा पंडित भी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री और गायिका थीं। वहीं, उनके भाई जतिन पंडित और ललित पंडित बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार हैं।

कलाकारों से संपूर्ण परिवार की बेटी विजयता पंडित ने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत महज 14 वर्ष की आयु में राजेंद्र कुमार द्वारा निर्मित और कुमार गौरव अभिनीत फिल्म 'लव स्टोरी' से वर्ष 1981 में की। पहली ही फिल्म में शानदार अभिनय के जरिए अभिनेत्री रातोंरात स्टार बन गईं। 'लव स्टोरी' बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही और उन्हें अपनी अदाकारी के लिए काफी सराहना मिली।

'लव स्टोरी' की शानदार सफलता के बाद अभिनेत्री ने अन्य कई सफल फिल्मों में काम किया, जिसमें 'मोहब्बत', 'कार थिप', 'जीते हैं शान से', 'दीवाना तेरे नाम का', 'जलजला', 'जो जीता वही सिकंदर', 'साजिश', 'आग के शोले', 'कसम धंधे की' जैसे नाम शामिल हैं।

विजयता पंडित एक लाजवाब अभिनेत्री होने के साथ-साथ शानदार प्लेबैक सिंगर रहीं। उन्होंने कई फिल्मों और एल्बमों में गाने गाए। अभिनेत्री के व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो उन्होंने दो शादियां कीं। पहली शादी उन्होंने फिल्म निर्देशक समीर मलकान से की थी, जो कि लंबे समय तक नहीं चली और दोनों का तलाक हो गया।

इसके बाद विजयता ने वर्ष 1990 में प्रसिद्ध संगीतकार आदेश श्रीवास्तव से शादी की। दोनों के दो बेटे हैं। हालांकि, वर्ष 2015 में कैंसर के कारण आदेश का निधन हो गया, जिसके बाद उन्हें कई प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अभिनेत्री अब एक्टिंग और लाइमलाइट से दूर मुंबई में अपने परिवार और बेटों के साथ सामान्य जीवन बिता रही हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it