Top
Begin typing your search above and press return to search.

अमिताभ बच्चन ने केबीसी में 53 साल पुराना किस्सा सुनाया

मुंबई, अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी बॉलीवुड की उन जोड़ियों में शामिल है, जिनकी कहानी कई दशक बाद भी लोगों की दिलचस्पी का हिस्सा बनी हुई है।

अमिताभ बच्चन ने केबीसी में 53 साल पुराना किस्सा सुनाया
X

मुंबई, अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी बॉलीवुड की उन जोड़ियों में शामिल है, जिनकी कहानी कई दशक बाद भी लोगों की दिलचस्पी का हिस्सा बनी हुई है। दोनों ने फिल्मों में साथ काम करते हुए एक-दूसरे को जाना, करीब आए और फिर शादी का फैसला किया।

हालांकि जिस तरह आज किसी शादी के लिए महीनों पहले तैयारियां शुरू हो जाती हैं। परिवारों में बातचीत होती है और तारीख से लेकर कपड़ों तक की प्लानिंग की जाती है, अमिताभ और जया की शादी का किस्सा इससे काफी अलग है। अमिताभ ने खुद 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में बताया कि दोनों ने शादी के बारे में अचानक फैसला लिया था।

दरअसल, शो के दौरान कोलकाता से आईं कंटेस्टेंट अहेली रॉय ने अमिताभ बच्चन से उनकी शादी से जुड़ा सवाल पूछा। उन्होंने बिग बी से सवाल किया कि शादी से पहले आपने जया के परिवार को किस तरह मनाया था और अपनी होने वाली सास का दिल कैसे जीता था।

अमिताभ ने कहा, ''हमने जया के परिवार से इस बारे में कोई खास बातचीत नहीं की थी। एक दिन मैंने जया से ही ऐसे ही कह दिया था कि अब हम दोनों को शादी कर लेनी चाहिए। जया ने भी मेरी इस बात पर सहमति जताई और हम दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। इसके बाद हमने किसी और से इस बारे में बात नहीं की थी।''

अभिनेता ने कहा, ''शादी तय होने के बाद जया अपने माता-पिता के पास गईं और उन्हें इस फैसले की जानकारी दी। मुझे आज भी यह नहीं पता कि जया ने अपने माता-पिता से उस समय ऐसा क्या कहा, जो वह सभी इस रिश्ते के लिए राजी हो गए और शादी में शामिल होने के लिए आ गए। इसके बाद थोड़ी बातचीत हुई और अगले ही दिन हम दोनों की शादी हो गई।''

अमिताभ ने आज के समय में होने वाली शादियों की लंबी तैयारियों पर भी अपने अंदाज में बात की। उन्होंने कहा, ''शादी के लिए तारीख तय करना, कपड़े चुनना, अलग-अलग जगहों पर जाना और कई तरह की तैयारियों में लगना मुझे जरूरी नहीं लगता। जब दो लोग एक-दूसरे को अपना मान लेते हैं, तो इससे बड़ी बात और कुछ नहीं होती।''

अमिताभ बच्चन और जया बच्चन ने 3 जून 1973 को शादी की थी। दोनों की नजदीकियां फिल्मों में साथ काम करने के दौरान बढ़ी थीं। फिल्म 'जंजीर' दोनों के रिश्ते के लिए खास मानी जाती है। फिल्म की सफलता के बाद अमिताभ और जया ने अपने रिश्ते को शादी में बदलने का फैसला किया था।

उनकी शादी से जुड़ा लंदन का किस्सा भी काफी दिलचस्प है। 'जंजीर' की सफलता के बाद अमिताभ और जया अपने कुछ दोस्तों के साथ लंदन जाने की योजना बना रहे थे। अमिताभ ने पहले भी बताया है कि उनके पिता और मशहूर कवि हरिवंश राय बच्चन ने उनसे कहा था कि अगर वह जया के साथ लंदन जाना चाहते हैं तो पहले दोनों को शादी कर लेनी चाहिए। इसके बाद शादी का फैसला और जल्दी आगे बढ़ा।

जया बच्चन ने बाद में बताया था कि दोनों ने शुरुआत में अक्टूबर में शादी करने की योजना बनाई थी, लेकिन बाद में तारीख आगे कर दी गई। लंदन जाने की योजना से कुछ दिन पहले ही दोनों ने शादी कर ली। इस तरह उनकी शादी बिना किसी बड़ी तैयारी के बेहद सादगी से हुई और दोनों साथ जिंदगी की नई शुरुआत करने के लिए लंदन रवाना हो गए।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it