Top
Begin typing your search above and press return to search.

'इंडियन आइडल' के मंच पर 20 साल बाद अभिजीत सावंत की वापसी

मुंबई, सिंगर अभिजीत सावंत एक बार फिर 'इंडियन आइडल' के मंच पर लौटने के लिए तैयार हैं। रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के पहले सीजन के विनर बने अभिजीत ने करीब 20 साल पहले इसी मंच से अपनी पहचान बनाई थी।

इंडियन आइडल के मंच पर 20 साल बाद अभिजीत सावंत की वापसी
X

मुंबई, सिंगर अभिजीत सावंत एक बार फिर 'इंडियन आइडल' के मंच पर लौटने के लिए तैयार हैं। रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के पहले सीजन के विनर बने अभिजीत ने करीब 20 साल पहले इसी मंच से अपनी पहचान बनाई थी। अब वह 'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' में नजर आएंगे। शो में वापसी को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच पर लौटना उनके लिए घर वापस आने जैसा है।

'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' में अपनी वापसी को लेकर अभिजीत ने कहा, ''इस मंच पर खड़े होने का एक अलग ही जोश और उत्साह है। यह वही मंच है, जिसने मुझे मेरी पहचान दी। अपने पुराने साथी कंटेस्टेंट्स के साथ यहां लौटकर और इस अनुभव को साझा करके मैं बहुत खुश हूं। 'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' में वापस आना ऐसा है, जैसे मैं अपने घर लौट आया हूं।'' उन्होंने कहा, ''मुझे पूरा भरोसा है कि इस बार दर्शक मुझे 20 साल पहले से भी ज्यादा प्यार देंगे।''

अभिजीत की इस वापसी को लेकर शो के फैंस भी उत्साहित हैं। शो का एक नया प्रोमो भी सामने आया है, जिसमें अभिजीत के सफर की झलक दिखाई गई है। प्रोमो में उनकी पहली परफॉर्मेंस से शुरू हुई कहानी को दिखाया गया है। इसमें सिंगर और म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया भी नजर आ रहे हैं। हिमेश ने अभिजीत की तारीफ करते हुए कहा, ''उनकी वापसी से शो ब्लॉकबस्टर साबित होगा। उन्होंने 'इंडियन आइडल' से अपने जुड़ाव को हमेशा सम्मान दिया है। इसके साथ ही म्यूजिक की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है।''

अभिजीत सावंत ने 'इंडियन आइडल' के पहले सीजन में जीत हासिल करने के बाद म्यूजिक की दुनिया में अपनी अलग जगह बनाई। साल 2005 में उनका पहला सोलो एल्बम 'आपका अभिजीत सावंत' रिलीज हुआ। इसी साल उन्होंने फिल्म 'आशिक बनाया आपने' के लिए प्लेबैक सिंगिंग भी की। इस फिल्म में उन्होंने 'मर जावां मिट जावां' गाना गाया था, जिसे दर्शकों ने पसंद किया।

इसके बाद साल 2007 में उनका दूसरा एल्बम 'जुनून' रिलीज हुआ। वहीं, 2013 में उन्होंने अपना तीसरा स्टूडियो एल्बम 'फरीदा' रिलीज किया। सिंगिंग के अलावा अभिजीत ने एक्टिंग में भी हाथ आजमाया। उन्होंने साल 2009 में फिल्म 'लॉटरी' से एक्टिंग की शुरुआत की थी। इसके अलावा वह फिल्म 'तीस मार खान' के आखिर में भी छोटी-सी भूमिका में नजर आए। उन्होंने रोमांटिक ड्रामा सीरीज 'कैसा ये प्यार है' और क्राइम थ्रिलर सीरीज 'सीआईडी' में भी स्पेशल अपीयरेंस दिया। अब अभिजीत एक बार फिर उसी मंच पर लौट रहे हैं, जहां से उनके करियर की शुरुआत हुई थी। 'इंडियन आइडल: लेजेंड्स रिटर्न' का प्रीमियर 17 अक्टूबर को सोनी टीवी पर होगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it