Top
Begin typing your search above and press return to search.

दिल्ली सीएम ने प्लेस्कूल में बच्ची के साथ दुर्व्यवहार के मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक प्लेस्कूल में तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुर्व्यवहार के मद्देनजर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यालय ने सोमवार को कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली सीएम ने प्लेस्कूल में बच्ची के साथ दुर्व्यवहार के मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया
X

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एक प्लेस्कूल में तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुर्व्यवहार के मद्देनजर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यालय ने सोमवार को कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक संदेश में कहा कि दिल्ली सरकार ने मौजपुर स्थित एक प्लेस्कूल से मिली इस बेहद चिंताजनक घटना का गंभीर संज्ञान लिया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर जिला मजिस्ट्रेट ने स्कूल परिसर को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जांच जारी है। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि दोषियों को सजा मिले और कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री कार्यालय का यह बयान विपक्षी आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला करने और हाल की घटनाओं के लिए मुख्यमंत्री को दोषी ठहराने के ठीक बाद आया है। इन घटनाओं में एक स्कूल वैन चालक द्वारा तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न और नोएडा से दिल्ली जा रही बस में 15 वर्षीय लड़की के साथ कथित दुष्कर्म शामिल हैं।

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने आईएएनएस को बताया कि चलती बस में लड़की के साथ दुष्कर्म शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती क्योंकि दिल्ली और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों की सरकारें और पुलिस भाजपा के नियंत्रण में हैं।

उन्होंने पूछा कि मैं भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करना चाहती हूं। लड़कियां और महिलाएं कब तक हिंसा का शिकार होती रहेंगी?

उन्होंने कहा कि देश में 12-13 साल सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराध और हिंसा करने वालों पर लगाम लगाने में नाकाम रही है।

आतिशी ने आरोप लगाया कि अपराधी और भी बेखौफ हो गए हैं। उन्हें पता है कि पुलिस कुछ नहीं करेगी। गिरफ्तार होने पर भी उन्हें आसानी से जमानत मिल जाएगी या समझौता हो जाएगा।

आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भी महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ अपराधों को लेकर दिल्ली सरकार की कड़ी आलोचना की।

दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस हर मामले को दबाने की कोशिश करती है। जनकपुरी के एक स्कूल में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ था। सरकार उस मामले को भी दबाने की कोशिश कर रही थी। स्कूल अधिकारियों के खिलाफ जांच रिपोर्ट मिल चुकी है, लेकिन आशीष सूद ने अभी तक स्कूल अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it