राखी ऐड विवाद में कृति सेनन को राहुल गांधी का समर्थन, बोले- महिला क्या पहनेगी, ये उसकी पसंद
राखी के एक विज्ञापन को लेकर शुरू हुई बहस में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी सामने आए हैं

कृति सेनन का संदेश: त्योहार भावनाओं से जुड़ा है, कपड़ों से नहीं
- सोशल मीडिया पर महिलाओं की आजादी पर बहस तेज
- कंगना रनौत ने ऐड को बताया अजीब और असहज
नई दिल्ली। राखी के एक विज्ञापन को लेकर शुरू हुई बहस में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी सामने आए हैं। उन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन के समर्थन में इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि “एक महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है- यह उसकी अपनी पसंद है। महिलाओं को अपनी आजादी का इस्तेमाल करने पर ट्रोल करना बंद करें।”
कृति सेनन का पोस्ट
रक्षाबंधन के मौके पर कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि त्योहारों की असली खूबसूरती कपड़ों में नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी भावनाओं और परंपराओं में होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर महिलाओं को यह बताना कब बंद होगा कि उन्हें क्या पहनना चाहिए। कृति ने कहा कि संस्कृति और परंपरा दिल में होती है, कपड़ों की नेकलाइन में नहीं।
सोशल मीडिया पर बहस
कृति के पोस्ट और राहुल गांधी के समर्थन के बाद सोशल मीडिया पर महिलाओं की आजादी और पहनावे को लेकर बहस तेज हो गई है। कई लोग कृति की बात से सहमत दिखे, तो कुछ ने इसका विरोध किया।
कंगना रनौत की प्रतिक्रिया
इस विवाद पर अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के पास कपड़ों के कई विकल्प हैं, लेकिन विज्ञापन को जानबूझकर अजीब और असहज बनाने की कोशिश की गई।
राजनीतिक और सांस्कृतिक संदेश
राहुल गांधी का यह बयान महिलाओं की स्वतंत्रता और सामाजिक सोच पर सीधा संदेश माना जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि किसी महिला की पहचान उसके कपड़ों से नहीं, बल्कि उसकी स्वतंत्रता और उसके फैसलों से होती है।


