Top
Begin typing your search above and press return to search.

जंतर-मंतर के बाद राजघाट पहुंचा विपक्ष, राहुल गांधी बोले- 300 सांसदों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन से रोका जा रहा

राहुल ने दावा किया कि विपक्ष इस मुद्दे को लेकर कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्हें कानून के तहत जवाबदेह बनाया जाएगा। राहुल ने इसे विपक्ष की जिम्मेदारी और गारंटी बताया।

जंतर-मंतर के बाद राजघाट पहुंचा विपक्ष, राहुल गांधी बोले- 300 सांसदों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन से रोका जा रहा
X

नई दिल्ली: दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन जारी रहा। बुधवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कोशिश के बाद गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों के लिए लंच का आयोजन किया। इसके बाद राहुल गांधी, खरगे समेत इंडिया गठबंधन के कई सांसद बसों में सवार होकर राजघाट और गांधी स्मृति की ओर रवाना हुए। विपक्षी नेताओं ने कहा कि वे महात्मा गांधी की समाधि पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन और प्रार्थना करेंगे। पिछले दो दिनों में विपक्षी सांसदों के कार्यक्रम का पैटर्न लगभग एक जैसा रहा है। पहले सांसदों की बैठक और लंच हुआ, इसके बाद सभी बसों में सवार होकर प्रदर्शन स्थल की ओर रवाना हुए। बुधवार को उनका कार्यक्रम जंतर-मंतर पर था, जबकि गुरुवार को राजघाट को चुना गया।

राहुल गांधी का दावा- हमारे साथ 300 से ज्यादा सांसद

राजघाट के लिए रवाना होने से पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि लोकसभा और राज्यसभा के करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें लगातार दो दिनों से ऐसा करने से रोका जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि पहले दिन विपक्षी सांसदों को निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर रोक दिया गया। इसके बाद उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की कोशिश की, लेकिन वहां भी उन्हें अनुमति नहीं मिली। राहुल ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथियों के साथ मारपीट की गई।

राहुल ने लगाया ‘वोट चोरी’ का आरोप

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में एक बार फिर ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल ने दावा किया कि विपक्ष इस मुद्दे को लेकर कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्हें कानून के तहत जवाबदेह बनाया जाएगा। राहुल ने इसे विपक्ष की जिम्मेदारी और गारंटी बताया।

खरगे बोले- राजघाट पर सरकार को सद्बुद्धि की प्रार्थना

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद गांधी स्मारक जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वहां शांतिपूर्ण तरीके से धरना दिया जाएगा और सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए प्रार्थना की जाएगी। खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए कहा कि विपक्ष चाहता है कि सरकार अपने फैसलों के प्रभाव पर विचार करे। उन्होंने ‘वोट चोरी’, महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी विपक्ष के आंदोलन का हिस्सा बताया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश को आजादी महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे नेताओं के संघर्ष से मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार लोगों के अधिकारों और लोकतांत्रिक स्वतंत्रता को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।

पवन खेड़ा बोले- ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि विपक्ष के आंदोलन का एजेंडा स्पष्ट है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। खेड़ा ने कहा कि यह केवल इंडिया गठबंधन की मांग नहीं, बल्कि पूरे देश की मांग है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जहां भी रोका जाएगा, वहीं शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेगा।

बसों से गांधी स्मृति के लिए निकले सांसद

दूसरी लंच मीटिंग के बाद विपक्षी सांसद बसों में सवार हुए। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ इंडिया गठबंधन के कई सांसद इस काफिले में शामिल रहे। विपक्षी नेताओं ने राजघाट पहुंचकर प्रदर्शन करने और प्रार्थना करने की बात कही। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दिल्ली पुलिस राजघाट पर विपक्षी सांसदों को प्रदर्शन की अनुमति देती है या नहीं। बुधवार को जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। गुरुवार के कार्यक्रम को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it