Top
Begin typing your search above and press return to search.

इंडिया ब्लॉक की रैली रही ऐतिहासिक, मोदी सरकार के खिलाफ दिखा जनता का गुस्सा : कांग्रेस

इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में हुई मेगा रैली को कांग्रेस ने ऐतिहासिक और बड़ी सफलता बताया है। कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि रैली से यह संदेश गया कि लोकतंत्र की लड़ाई में विपक्ष एकजुट है

इंडिया ब्लॉक की रैली रही ऐतिहासिक, मोदी सरकार के खिलाफ दिखा जनता का गुस्सा : कांग्रेस
X

नई दिल्ली। इंडिया ब्लॉक की रामलीला मैदान में हुई मेगा रैली को कांग्रेस ने ऐतिहासिक और बड़ी सफलता बताया है। कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि रैली से यह संदेश गया कि लोकतंत्र की लड़ाई में विपक्ष एकजुट है। कांग्रेस नेता मधु गौड़ यास्की ने कहा कि यह दर्शाता है कि लोग वोट चोरी और सरकार के शासन से तंग आ चुके हैं।

इंडिया ब्लॉक रैली पर कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने कहा, "आज की मेगा रैली बहुत सफल रही। आपने देखा कि कैसे न सिर्फ कार्यक्रम स्थल पर बल्कि पूरे शहर में भीड़ जुटी थी। देशभर से आए लोगों में इतना उत्साह था। एक खुशी की बात यह भी है कि एनडीए के जो हमारे साथी हैं, उनकी भी भागीदारी रही तो देश में एक बहुत बड़ा संदेश गया है कि जहां विपक्ष की एकजुटता है, वहां इस लड़ाई में लोकतंत्र की लड़ाई में, हम सभी लोग साथ हैं। राहुल गांधी की अगुवाई में यह संदेश और मजबूत हुआ है।"

अमित शाह की 'नफरत की दुकान' वाले बयान पर कांग्रेस नेता ने कहा कि अब उन्हें तो कुछ न कुछ कहना है। नफरत फैलाने वाले कौन हैं, यह दुनिया जानती है। यह भाजपा और आरएसएस की सोच है, जिसने देश में नफरत फैलाने का काम किया है।

पूर्व लोकसभा सांसद मधु गौड़ यास्की ने कहा कि मैं कहूंगा कि यह सिर्फ विशाल नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ी जनसभा है। यह जनता की भागीदारी है, जनता की रैली है। अगर किसी एक राजनीतिक दल या नेता ने इसका आयोजन किया होता तो यह संभव नहीं होता। यह दिल्ली के हर कोने और पूरे देश के लोगों की स्वतः स्फूर्त प्रतिक्रिया है।

उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि लोग मोदी सरकार के शासन और वोट चोरी से तंग आ चुके हैं। लोग उन झूठे वादों को समझ चुके हैं, जो मोदी सरकार ने सत्ता में आने और बने रहने के लिए किए थे। यह मोदी सरकार के अंत की शुरुआत है।

अमित शाह के बयान पर उन्होंने कहा कि आप लोगों की भावनाओं को झूठे तौर पर भड़काकर बार-बार इसका मुद्दा नहीं बना सकते और न ही इससे फायदा उठा सकते हैं। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद जो हुआ, जब उन्होंने देश के लिए अपनी जान दी, वह लोगों की प्रतिक्रिया थी। इस पर पर्याप्त जांच हो चुकी है; मामला खत्म हो चुका है।

मधु गौड़ यास्की ने कहा कि अमित शाह के पास कहने के लिए शब्द नहीं बचे हैं, वे घबरा गए हैं और बोलने के लिए उनके पास कुछ नहीं है। वे ऐसे मुद्दे को उठा रहे हैं, जो इस समय कोई मुद्दा ही नहीं है।

कांग्रेस नेता माणिकराव ठाकरे ने कहा कि आज की रैली बहुत ही सफल हुई। जिस जोश के साथ लोग रैली में थे, जिस जोश के साथ इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं के भाषण हुए, राहुल गांधी ने जिस तरीके से बात रखी कि किस प्रकार हम आगे जाने वाले हैं, मोहब्बत से हम आगे जाएंगे, इस संविधान को बचाने के लिए आगे जाएंगे, यहां के लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो लगातार कहा है, वह लोगों के मन और मस्तिष्क तक पहुंचा है तो मैं समझता हूं कि अभी जो भी कार्यक्रम आएगा राहुल जी की तरफ से, इंडिया गठबंधन की तरफ से, उसको बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा। सभी कार्यकर्ता और इंडिया गठबंधन के सभी नेता उसे मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

माणिकराव ठाकरे ने कहा कि एक बहुत अच्छी मजबूती आई है, जिससे अमित शाह बौखला गए हैं। पीएम मोदी भी अभी कुछ बातें इस तरीके से कर रहे हैं कि पूरी राजनीति राहुल गांधी के इर्द-गिर्द घूम रही है। राहुल गांधी ने जो कहा, उसी को लेकर उसका जवाब कैसे दिया जाए, उसी पर सोचने में लगे हुए हैं। इसलिए बात स्पष्ट हो चुकी है कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा और जो दोषी हैं, उन पर भी कार्रवाई करनी पड़ेगी। इसे अब कोई रोक नहीं सकता।

उन्होंने कहा कि अमित शाह को पता चल चुका है कि राहुल गांधी जो बात करते हैं, उसी के इर्द-गिर्द उन्हें बयान देना पड़ रहा है, उसी के अनुसार कार्यक्रम बनाना पड़ रहा है। इसका मतलब साफ है कि अभी पूरी तरह राजनीति राहुल गांधी के साथ-साथ घूम रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it