Top
Begin typing your search above and press return to search.

पापा, जीना मुश्किल हो गया है... बेटे के फोन पर अलवर आए थे पिता, दिल्ली जज सुसाइड केस में पत्नी पर गंभीर आरोप

मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि अमन और उनकी पत्नी के बीच पिछले करीब दो महीनों से मतभेद चल रहे थे। परिवार के अनुसार, घटना से एक रात पहले अमन ने अपने पिता को फोन कर अपनी परेशानी जताई थी। उन्होंने कहा था कि वे बहुत तनाव में हैं और उनके लिए हालात मुश्किल होते जा रहे हैं।

पापा, जीना मुश्किल हो गया है... बेटे के फोन पर अलवर आए थे पिता, दिल्ली जज सुसाइड केस में पत्नी पर गंभीर आरोप
X

नई दिल्ली: Delhi Judge Aman Kumar Sharma Suicide Case: दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में शनिवार को एक युवा न्यायिक अधिकारी का शव उनके घर के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो उत्तर-पूर्वी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) में सचिव के पद पर कार्यरत थे। इस घटना ने न्यायिक और प्रशासनिक हलकों में चिंता पैदा कर दी है।

राजस्थान के अलवर के रहने वाले थे अमन

अमन कुमार शर्मा मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले के निवासी थे। वे दिल्ली में अपनी पत्नी के साथ ग्रीन पार्क स्थित सरकारी आवास में रह रहे थे। उनकी पत्नी भी न्यायिक सेवा से जुड़ी अधिकारी बताई जा रही हैं। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चलने की बात सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

चल रहा था वैवाहिक विवाद

मृतक के रिश्तेदारों ने बताया कि अमन और उनकी पत्नी के बीच पिछले करीब दो महीनों से मतभेद चल रहे थे। परिवार के अनुसार, घटना से एक रात पहले अमन ने अपने पिता को फोन कर अपनी परेशानी जताई थी। उन्होंने कहा था कि वे बहुत तनाव में हैं और उनके लिए हालात मुश्किल होते जा रहे हैं। आत्महत्या से एक दिन पहले शुक्रवार रात करीब 10 बजे उन्होंने अलवर (राजस्थान) स्थित अपने पैतृक घर में अपने पिता को फोन किया था। पिता प्रेम शर्मा को अमन ने कहा था कि मेरा जीना मुश्किल हो गया है, आप आ जाओ। पिता प्रेम शर्मा ने उन्हें ढांढस बंधाया और दिल्ली आने के लिए निकल पड़े। वह देर रात करीब 12.15 बजे दिल्ली ग्रीन पार्क स्थित घर पहुंचे और अमन से बात की। परिवार के अनुसार, घर पहुंचने पर उन्होंने पति-पत्नी के बीच तीखी बहस देखी। अगले दिन भी दोनों के बीच विवाद जारी रहा।

अमन की पत्नी ने पिता को दी धमकी

अमन के रिश्‍तेदार राजेश शर्मा ने बताया कि अमन का पिछले दो माह से अपनी पत्नी के साथ झगड़ा चल रहा था। दिल्ली आए पिता ने उन्हें समझाने की कोशिश की, पर मामला शांत नहीं हुआ। राजेश शर्मा ने बताया कि अमन की पत्नी ने उन्हें धमकी दी कि अगर वह घर से नहीं गए तो वह पुलिस बुला लेंगी। इतना ही नहीं, प्रेम शर्मा ने जब अमन के सुसराल पक्ष के लोगों से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने उनका नम्बर ब्लाक कर दिया। राजेश शर्मा ने बताया कि शनिवार में उनके संबंधी प्रेम शर्मा ने दोनों के बीच समझौता कराने की कोशिश की। सफल नहीं होने पर वह अपने कमरे में जाकर बैठ गए।

पुलिस को दोपहर में मिली सूचना

इसी दौरान अमन अपने कमरे से निकलकर बाथरूम में चले गए और कुछ समय बाद उनका शव वहां फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना मिली। सूचना मृतक के बहनोई द्वारा दी गई थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पत्नी का बयान दर्ज

पुलिस ने मृतक की पत्नी का बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, जिसमें पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारण शामिल हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

फोन और डिजिटल डेटा की हो रही जांच

जांच के तहत पुलिस ने अमन शर्मा के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को खंगालना शुरू कर दिया है। इसके अलावा, उनके घर और कार्यालय में इस्तेमाल किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी जब्त कर लिया गया है, ताकि किसी तरह के सुराग मिल सकें।

सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि घटना से पहले कोई बाहरी व्यक्ति घर में आया था या नहीं। इससे घटनाक्रम की टाइमलाइन समझने में मदद मिल सकती है।

सहकर्मियों और पड़ोसियों से पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मृतक के सहकर्मियों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वे यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि अमन किन परिस्थितियों से गुजर रहे थे और क्या किसी तरह का अतिरिक्त दबाव या तनाव उनके जीवन में मौजूद था।

न्यायिक सेवा में तेजी से उभरे थे अमन

अमन कुमार शर्मा ने 2018 में पुणे के एक विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की थी और 2021 में न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे। उन्होंने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी और सिविल जज के रूप में भी सेवाएं दी थीं। अक्टूबर 2025 में उन्हें कड़कड़डूमा कोर्ट स्थित डीएलएसए में पूर्णकालिक सचिव बनाया गया था।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

युवा उम्र में अमन की मौत से उनका परिवार गहरे सदमे में है। उनके पिता इस घटना से बेहद टूट चुके हैं। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी की बहन एक आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में जम्मू में तैनात हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it