'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले दिल्ली हाई अलर्ट पर, कनॉट प्लेस बना छावनी
सीजेपी द्वारा आयोजित किए जा रहे 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है

तिरंगा मार्च से पहले कसे गए सुरक्षा के शिकंजे, सेंट्रल पार्क बंद, CP में बढ़ी चौकसी
- 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले प्रशासन सख्त, CP में धारा 163 लागू, सुरक्षा कड़ी
नई दिल्ली। सीजेपी द्वारा आयोजित किए जा रहे 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर हैं। इसी क्रम में एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिनों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है।
दिल्ली पुलिस ने लोगों को कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने भी कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना जताते हुए एडवाइजरी जारी की है।
मार्च से पहले सीजेपी नेता दीपके ने दावा किया है कि उन पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
लोगों से जुटने की अपील
सीजेपी ने सोशल मीडिया और प्रेस वार्ताओं के जरिए लोगों से सेंट्रल पार्क पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। पार्टी ने समर्थकों से राष्ट्रीय ध्वज के साथ कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया है। आम आदमी पार्टी ने भी इस आयोजन को समर्थन देने की बात कही है और अपने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
इलाके में धारा 163 लागू
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू की गई है। पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनधिकृत जमावड़े पर नजर रखी जाएगी।
एनडीएमसी ने सेंट्रल पार्क बंद रखने की दी जानकारी
नई दिल्ली जिला पुलिस की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने बताया कि एनडीएमसी ने प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद रखने की सूचना दी है। इसके साथ ही पुलिस से पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बिना अनुमति किसी को प्रवेश न देने का अनुरोध किया गया है।
व्यापारियों ने भी जताई चिंता
कनॉट प्लेस के व्यापारी संगठनों और बाजार संघों ने भी प्रशासन के समक्ष अपनी चिंताएं रखी हैं। उनका कहना है कि बड़े जमावड़ों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ सकता है। इसी मुद्दे को लेकर कुछ पक्ष अदालत का भी रुख कर चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी पक्षों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
फिलहाल, प्रस्तावित मार्च को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।


