Top
Begin typing your search above and press return to search.

डीटीसी बस हड़ताल के बीच दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाई सेवाएं

दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के ड्राइवरों की हड़ताल के कारण राजधानी में बस सेवाएं प्रभावित होने के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं

डीटीसी बस हड़ताल के बीच दिल्ली मेट्रो ने बढ़ाई सेवाएं
X

यात्रियों की सुविधा के लिए चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें

  • पीक आवर्स में भीड़ संभालने के लिए 20 फेरे बढ़ाए
  • 17 सितंबर को भी जारी रहेंगे विशेष इंतजाम
  • डीटीसी ड्राइवरों की वेतन और सुविधाओं को लेकर हड़ताल

नई दिल्ली। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के ड्राइवरों की हड़ताल के कारण राजधानी में बस सेवाएं प्रभावित होने के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं। डीएमआरसी ने मेट्रो नेटवर्क पर अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुरू करते हुए यात्रियों को राहत देने का प्रयास किया है।

डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी जानकारी में बताया कि डीटीसी बस हड़ताल के चलते मेट्रो में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत पूरे मेट्रो नेटवर्क में 20 अतिरिक्त ट्रेन फेरे (ट्रिप्स) बढ़ाए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार बुधवार को आठ अतिरिक्त ट्रेनें भी संचालित की गईं।

डीएमआरसी के अनुसार, इन अतिरिक्त सेवाओं का उद्देश्य विशेष रूप से पीक आवर्स के दौरान बढ़ी हुई भीड़ को संभालना और यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

मेट्रो प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यही व्यवस्था 17 सितंबर को भी जारी रहेगी। संचालन संबंधी आवश्यकता के अनुसार सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक आठ अतिरिक्त ट्रेनें नेटवर्क में शामिल की जाएंगी।

डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और उपलब्ध मेट्रो सेवाओं का उपयोग करें। निगम ने भरोसा दिलाया कि वह यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और प्रभावी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि डीटीसी के संविदा चालक अधिक वेतन, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा लाभों की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते दिल्ली के कई बस डिपो और रूट प्रभावित हुए हैं, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हड़ताली ड्राइवरों का कहना है कि वे निजी ऑपरेटरों के माध्यम से डीटीसी के साथ अनुबंध पर कार्य कर रहे हैं और उन्हें अपेक्षाकृत कम वेतन मिलता है। उनका आरोप है कि उन्हें चिकित्सा बीमा, सवेतन अवकाश, वार्षिक बोनस तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं नहीं मिलतीं। यूनियन नेताओं का दावा है कि वर्षों का अनुभव होने के बावजूद उन्हें स्थायी डीटीसी कर्मचारियों की तुलना में कम वेतन दिया जाता है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it