Top
Begin typing your search above and press return to search.

सीजेपी प्रदर्शन: ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, लोगों ने जताई नाराजगी

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए कई ट्रेनों के रद्द और पुनर्निर्धारित किए जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है

सीजेपी प्रदर्शन: ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, लोगों ने जताई नाराजगी
X

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए कई ट्रेनों के रद्द और पुनर्निर्धारित किए जाने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नई दिल्ली आने वाले कई यात्री रेलवे स्टेशनों पर फंस गए और उन्होंने प्रदर्शन तथा रेलवे के फैसले से हुई असुविधा पर नाराजगी जताई।

जम्मू रेलवे स्टेशन पर इंतजार कर रहे एक यात्री ने कहा, "देखिए यहां कितना ज्यादा अव्यवस्था का माहौल बन गया है। लोगों को परेशानी हो रही है और सभी फंसे हुए हैं। जिन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचना है, वे यहां अटके हुए हैं।"

एक महिला यात्री ने सीजेपी पर राजनीतिक आधार बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "सीजेपी अपना राजनीतिक आधार बनाने की कोशिश कर रही है, ठीक वैसे ही जैसे आम आदमी पार्टी ने शुरुआत में किया था। मेरा मानना है कि उन्हें बाहर से समर्थन मिल रहा है। कुछ ताकतें देश को अस्थिर और विभाजित करना चाहती हैं और इस प्रदर्शन की आड़ में अपने उद्देश्य पूरे करना चाहती हैं।"

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद एक अन्य यात्री ने भी प्रदर्शन पर निराशा जताई। उन्होंने कहा, "इस प्रदर्शन की वजह से आम लोग परेशान हो रहे हैं। ट्रैफिक जाम लग रहा है, मेट्रो और ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। यह ठीक नहीं है।"

एक यात्री ने बताया कि गुरुग्राम से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आते समय उन्हें गूगल मैप्स के सुझाव पर वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ा, क्योंकि सामान्य मार्ग पर भारी ट्रैफिक दिखाई दे रहा था।

एक युवा यात्री ने कहा, "मैंने अभी खबर देखी कि कल सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। आज भी कई ट्रेनों को डायवर्ट या रद्द किया गया है। इसका लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर बड़ा असर पड़ रहा है।"

उन्होंने कहा, "छात्रों को अपनी कक्षाओं का समय बदलना पड़ रहा है, योजनाएं और कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं। इससे काफी समस्याएं पैदा हो रही हैं। हमें नहीं पता कि सरकार इन परेशानियों को समझ रही है या नहीं। आजकल ट्रेन टिकट बुक करना पहले ही बहुत मुश्किल हो गया है। तत्काल टिकट नहीं मिलते और सामान्य टिकट लेना भी कठिन हो गया है। ऐसे में जब कोई बड़ी मुश्किल से टिकट लेकर ट्रेन में सवार होता है और ट्रेन ही रद्द हो जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसी को लेनी चाहिए।"

कानपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ने बताया कि ट्रेनों के रद्द और पुनर्निर्धारित होने के कारण अब उन्हें अपनी यात्रा कई हिस्सों में पूरी करनी पड़ेगी।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, "मैं अभी दिल्ली जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अब कानपुर से दिल्ली के लिए कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं है। अब मुझे अपनी यात्रा को हिस्सों में बांटना पड़ेगा। पहले मैं 50-60 किलोमीटर बस से जाऊंगा और फिर वहां से उपलब्ध अगली ट्रेन पकड़ूंगा।"

उन्होंने कहा, "यह बेहद असुविधाजनक स्थिति है।"


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it