Top
Begin typing your search above and press return to search.

वैश्विक दबाव के चलते सोना-चांदी धड़ाम

नई दिल्ली, पिछले कुछ समय से कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है।

वैश्विक दबाव के चलते सोना-चांदी धड़ाम
X

नई दिल्ली, पिछले कुछ समय से कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है। पिछले दिन की गिरावट के बाद हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में एक बार फिर सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली।

वैश्विक शेयर बाजारों में बिकवाली, कच्चे तेल की कीमतों का 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बने रहना और ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे रहने की आशंका ने निवेशकों का रुख प्रभावित किया है, जिसका असर सोने और चांदी दोनों पर पड़ा, जिसके चलते घरेलू बाजार में चांदी का भाव एक बार फिर 2 लाख प्रति किलोग्राम के नीचे पहुंच गया।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना अपने पिछले बंद भाव 1,43,309 रुपए से 1,251 रुपए यानी 0.87 प्रतिशत फिसलकर 1,42,058 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। वहीं दिन के कारोबार में एक समय यह 1,503 रुपए यानी 1.04 प्रतिशत गिरकर 1,41,806 रुपए प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर पहुंच गया।

कारोबार के दौरान इसमें कुछ सुधार जरूर हुआ, लेकिन खबर लिखे जाने तक सोना 629 रुपए या 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,42,680 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।

वहीं, चांदी में गिरावट और भी अधिक रही। दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी अपने पिछले बंद भाव 1,99,599 रुपए से 3,012 रुपए यानी 1.50 प्रतिशत लुढ़ककर 1,96,587 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली।

जबकि दिन के कारोबार में एक समय इसमें 6,799 रुपए यानी 3.40 प्रतिशत की भारी दर्ज की गई और यह 1,92,800 रुपए प्रति किलोग्राम के निचले स्तर पर पहुंच गई, और इस तरह यह 2 लाख रुपए से नीचे लुढ़क गई है।

हालांकि कारोबार के दौरान इसमें भी कुछ सुधार देखने को मिली और यह 1.66 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,96,276 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर ट्रेड करती नजर आई।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, ऊंची ऊर्जा कीमतें महंगाई संबंधी चिंताओं को बढ़ा रही हैं। यदि महंगाई ऊंची बनी रहती है तो प्रमुख केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर रख सकते हैं। यही वजह है कि निवेशक फिलहाल सोने और चांदी में सावधानी बरत रहे हैं। इस बीच, वैश्विक बाजार में सोने की कीमत 4,000 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गई है, जिससे बाजार में कमजोरी का माहौल बना हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में भी सोना और चांदी दोनों कमजोरी के साथ कारोबार करते दिखे। सोना करीब 0.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,034 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता नजर आया, वहीं चांदी 1.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 54.29 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही थी। निवेशकों का ध्यान अब अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों, महंगाई के रुझान और केंद्रीय बैंकों की अगली नीतियों पर है।

विश्लेषकों का कहना है कि ऊंची बॉन्ड यील्ड और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों के कमजोर पड़ने से सोने जैसी गैर-ब्याज देने वाली संपत्तियों पर दबाव बना हुआ है। हालांकि डॉलर में कमजोरी और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में नरमी आगे चलकर कुछ समर्थन दे सकती है।

गौरतलब है कि इस साल की शुरुआत में सोने ने एमसीएक्स पर 1,80,779 रुपए प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। वहीं चांदी 4,20,048 रुपए प्रति किलोग्राम के ऐतिहासिक उच्च स्तर तक पहुंच गई थी। मौजूदा कीमतों को देखें तो सोना अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे आ चुका है, जबकि चांदी रिकॉर्ड स्तर से करीब आधी कीमत पर कारोबार कर रही है।

बाजार जानकारों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों की दिशा अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों, चीन की अर्थव्यवस्था से जुड़े संकेतों, वैश्विक भू-राजनीतिक हालात और कच्चे तेल की चाल पर निर्भर करेगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it