Top
Begin typing your search above and press return to search.

बिहार: पटना स्नातक सीट पर नतीजों से पहले अनंत सिंह ने फिर अनुज सिंह की जीत का किया दावा, आवास खाली करने पर भी बोले

बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को एक बार फिर जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत का दावा किया

बिहार: पटना स्नातक सीट पर नतीजों से पहले अनंत सिंह ने फिर अनुज सिंह की जीत का किया दावा, आवास खाली करने पर भी बोले
X

पटना। बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को एक बार फिर जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज सिंह की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि दुनिया क्या कहती है, इससे उन्हें कोई मतलब नहीं है। वह जो कह रहे हैं, वही सच है। इस बीच, चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही अनंत सिंह के आवास पर मिठाई बांटे जाने की बात भी सामने आई है।

अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि वह पहले भी जो बात कह रहे थे, आज भी उसी पर कायम हैं। उन्होंने अनुज सिंह की जीत का दावा करते हुए कहा कि जो उन्होंने कहा है, वही बात होगी। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार और जन सुराज समर्थित अनुज सिंह के बीच मुकाबला चर्चा में है। मतगणना के रुझानों में नीरज कुमार आगे चल रहे थे।

हालांकि, इसके बावजूद अनंत सिंह ने अपनी बात दोहराते हुए जीत का दावा किया। दरअसल, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे जन सुराज समर्थित अनुज सिंह का समर्थन किया और उनके पक्ष में प्रचार किया।

पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ चुनावी गतिविधियों में शामिल होने के कारण जदयू ने अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी की कार्रवाई और सरकारी आवास खाली करने के नोटिस को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं है।

उन्होंने कहा, " कोई परेशानी हमको नहीं है। आवास खाली कराने का भी लेटर जारी किया गया है, खाली कर देंगे।" उन्होंने आगे कहा कि पार्टी जो भी निर्णय लेगी, वह उसके लिए तैयार हैं। अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें आवास खाली करने के लिए एक महीने का समय मिला है। उन्होंने कहा, "जनता मालिक है, भगवान है। एक महीना मिला है।"

नई पार्टी बनाने की तैयारी से जुड़े सवाल पर भी अनंत सिंह ने कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की। फिलहाल पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना जारी रहने के बीच उनके दावे और चुनावी मुकाबले पर सबकी नजरें टिकी हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it