एएआई ने 18 कंसल्टेंट पदों के लिए बढ़ाई आवेदन की तारीख

चेन्नई, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है।;

By :  IANS
Update: 2026-10-28 11:54 GMT

चेन्नई, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, एएआई-चेन्नई ने एक वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध आधार पर सलाहकारों (कंसल्टेंट) की विभिन्न 18 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके रिक्तियों की घोषणा की।

एएआई की ओर से जारी 18 रिक्तियों में जूनियर कंसल्टेंट (क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट) का 1, जूनियर कंसल्टेंट (एयरपोर्ट सिस्टम्स) का 1, कंसल्टेंट (बर्ड एंड वाइल्डलाइफ मैनेजमेंट) का 1, एसोसिएट कंसल्टेंट (बर्ड एंड वाइल्डलाइफ मैनेजमेंट) का 1, जूनियर कंसल्टेंट (ऑब्सटेकल मैनेजमेंट एंड एयरोड्रोम सेफगार्डिंग) का 1, एसोसिएट कंसल्टेंट (ऑब्सटेकल मैनेजमेंट एंड एयरोड्रोम सेफगार्डिंग) का 1, कंसल्टेंट (हॉर्टिकल्चर) के 2, सीनियर कंसल्टेंट (लॉ) के 3, कंसल्टेंट (कंटेंट राइटर) का 1, कंसल्टेंट (ग्राफिक डिजाइनर) का 1, कंसल्टेंट (वीडियो एडिटर) का 1, जूनियर कंसल्टेंट (टेक्निकल) के 2 और एसोसिएट कंसल्टेंट (टेक्निकल) के 2 पद शामिल हैं।

कंसल्टेंट के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर से शुरू हो गई और आवेदन की अंतिम तिथि पहले 27 अक्टूबर तक तय की गई, जिसे आगे बढ़ाकर अब 10 नवंबर तक कर दिया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने से चूक गए थे, वे एएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय नई अंतिम तिथि तक या उसे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से जूनियर कंसल्टेंट (क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट) के लिए मनोविज्ञान में पोस्ट-ग्रेजुएशन और साथ ही क्लिनिकल अनुभव, जूनियर कंसल्टेंट (एयरपोर्ट सिस्टम्स) के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स/इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन में बीई/बीटेक, कंसल्टेंट (बर्ड एंड वाइल्डलाइफ मैनेजमेंट) और एसोसिएट कंसल्टेंट (बर्ड एंड वाइल्डलाइफ मैनेजमेंट) के लिए वाइल्डलाइफ साइंस/जूलॉजी/एनवायर्नमेंटल साइंस/लाइफ साइंसेज और संबंधित क्षेत्रों में मास्टर्स, जूनियर कंसल्टेंट (ऑब्सटेकल मैनेजमेंट एंड एयरोड्रोम सेफगार्डिंग) और एसोसिएट कंसल्टेंट (ऑब्सटेकल मैनेजमेंट एंड एयरोड्रोम सेफगार्डिंग) के लिए सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन, कंसल्टेंट (हॉर्टिकल्चर) के लिए कृषि/बागवानी या समकक्ष विषय में पोस्ट-ग्रेजुएशन (एमएससी), सीनियर कंसल्टेंट (लॉ) के लिए लॉ में प्रोफेशनल डिग्री (ग्रेजुएशन के बाद 3 वर्ष का रेगुलर कोर्स या 12वीं के बाद 5 वर्ष का इंटीग्रेटेड रेगुलर कोर्स) होनी चाहिए। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास भारत के बार काउंसिल में वकील के तौर पर अपना नाम दर्ज कराने की योग्यता होनी चाहिए, ताकि वह भारत की अदालतों में वकालत कर सके।

कंसल्टेंट (कंटेंट राइटर) के लिए मास कम्युनिकेशन, पत्रकारिता या अंग्रेजी साहित्य में ग्रेजुएशन की डिग्री या किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ मास कम्युनिकेशन/पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री। कंसल्टेंट (ग्राफिक डिजाइनर) के लिए किसी भी स्ट्रीम में कम से कम बैचलर की डिग्री के साथ ही मल्टीमीडिया/एनिमेशन, ग्राफिक डिजाइन, विजुअल कम्युनिकेशन, कम्युनिकेशन डिजाइन या इससे संबंधित क्षेत्रों में एडवांस्ड डिप्लोमा/डिग्री होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, डिजाइन प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व करने या क्रिएटिव टीम को मैनेज करने का अनुभव होना चाहिए। कंसल्टेंट (वीडियो एडिटर) के लिए किसी भी विषय में बैचलर की डिग्री के साथ ही फिल्म प्रोडक्शन/मीडिया स्टडीज, मास कम्युनिकेशन/विजुअल आर्ट्स या एनीमेशन में डिप्लोमा/डिग्री। वहीं, जूनियर कंसल्टेंट (टेक्निकल) और एसोसिएट कंसल्टेंट (टेक्निकल) के लिए पूर्णकालिक नियमित बैचलर डिग्री इंजीनियरिंग/टेक्नोलॉजी में मैकेनिकल या ऑटोमोबाइल में होनी चाहिए। इसके अलावा, अभ्यर्थियों के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 3 से 10 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु पदों के अनुसार 30 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन दस्तावेजों का सत्यापन, साक्षात्कार और मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पदों के अनुसार 70,000 से 1,50,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सलाहकार की नियुक्ति शुरू में केवल एक वर्ष की अवधि के लिए होगी, जिसे एक बार में एक और वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा। एएआई में किसी सलाहकार की कुल अवधि 5 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। सलाहकार की नियुक्ति पूर्णकालिक आधार पर होगी और उन्हें परामर्श अवधि के दौरान कोई अन्य काम करने की अनुमति नहीं होगी।

Tags:    

Similar News