यूएस दूतावास : जेद्दा-दम्माम एयरपोर्ट पर कर्मचारियों की यात्रा पर लगाई रोक

रियाद, सऊदी अरब में यूएस दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। इसमें खासतौर पर जेद्दा और दम्माम एयरपोर्ट्स पर काम करने वाले अमेरिकी कर्मचारियों को हिदायत दी गई है।;

By :  IANS
Update: 2026-10-11 10:04 GMT

रियाद, सऊदी अरब में यूएस दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। इसमें खासतौर पर जेद्दा और दम्माम एयरपोर्ट्स पर काम करने वाले अमेरिकी कर्मचारियों को हिदायत दी गई है।

इसके मुताबिक देश में काम करने वाले कर्मचारियों को अब जेद्दा और दम्माम शहरों के एयरपोर्ट का इस्तेमाल करने के विशेष अनुमति लेना अनिवार्य होगा। रियाद के लिए भी कुछ दिन पहले ऐसा ही आदेश जारी किया गया था।

रियाद एयरपोर्ट पर हुए जानलेवा हमलों के बाद ऑनलाइन एक बयान जारी किया गया। इसमें कहा गया कि यूएस मिशन को 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों की जानकारी है और वह सभी यूएस नागरिकों को सलाह देता है कि वे इस एयरपोर्ट और इसके आस-पास के इलाकों में जाने से बचें। कृपया सऊदी अरब के सभी बड़े एयरपोर्ट का इस्तेमाल करते समय बहुत सावधानी बरतें।

आगे लिखा गया, "सऊदी अरब में काम करने वाले यूएस सरकारी कर्मचारियों को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ-साथ जेद्दा और दम्माम के एयरपोर्ट का इस्तेमाल करने के लिए खास मंजूरी की जरूरत होगी।"

अमेरिका ने एडवाइजरी में इस एहतियात बरतने की वजह भी बताई है। कहा, "सऊदी अरब में काम करने वाले यूएस सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षा जोखिमों के कारण यमन सीमा के 20 मील के दायरे में यात्रा करने की इजाजत नहीं है और उन्हें जिजान, असीर, नज्रान प्रांतों और कतीफ, यानबू और ताइफ शहरों की यात्रा के लिए खास मंज़ूरी की जरूरत होती है।"

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगातार हमले हो रहे हैं। शनिवार (10 अक्टूबर) को हुए धमाके में 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

कुछ घायलों की हालत गंभीर है। धमाके के बाद एयरपोर्ट खाली कराया गया और उड़ानें रोक दी गईं। बीते 24 घंटे में एयरपोर्ट की करीब 225 उड़ानें रद्द कर दी गईं। रियाद एयरपोर्ट पर बीते 20 दिन में यह चौथा हमला है।

हालांकि अभी तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। वहीं सऊदी अरब ने इसके लिए हूती विद्रोहियों को ही जिम्मेदार ठहराया है और इस हमले का जबरदस्त जवाब देने का संकल्प लिया है।

Tags:    

Similar News