यूक्रेन : 12 क्षेत्रों में रूस ने दागी 21 बैलिस्टिक मिसाइलें

कीव, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि बुधवार शाम से रूस ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से तीन चरणों में हमले किए। उन्‍होंने बताया क‍ि रूसी बलों ने कुल 21 मिसाइलों का इस्तेमाल किया।;

By :  IANS
Update: 2026-10-22 10:35 GMT

कीव, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि बुधवार शाम से रूस ने कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से तीन चरणों में हमले किए। उन्‍होंने बताया क‍ि रूसी बलों ने कुल 21 मिसाइलों का इस्तेमाल किया।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्‍ट करके हमले की जानकारी साझा की।

जेलेंस्की ने कहा कि इन हमलों में राजधानी कीव को काफी नुकसान पहुंचा है। कई आम रिहायशी इमारतें, ऊर्जा ढांचा, एक रेलवे स्टेशन और मेट्रो से जुड़ी सुविधाएं, शॉपिंग सेंटर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि एक मठ भी हमले की चपेट में आया है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं सभी प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं।

जेलेंस्की के मुताबिक, बीती रात यूक्रेन के 12 क्षेत्रों पर रूसी हमले हुए। कीव और उसके आसपास के इलाकों में 34 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

उन्होंने मृतकों के परिजनों और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जेलेंस्की ने कहा कि बातचीत के एक और दौर के तुरंत बाद रूस ने यह हमला किया, जो उसके रुख को साफ दिखाता है।

उन्होंने कहा, "इसका मतलब है कि जो कुछ हो रहा है, उसके प्रति रूस के रवैये में कोई वास्तविक बदलाव नहीं आया है।"

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए सही समाधान तलाशना जरूरी है, लेकिन जब बातचीत के जवाब में बैलिस्टिक मिसाइल हमले किए जाते हैं, तो रूस पर वास्तविक दबाव बनाना भी जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि रूस को हत्याएं रोकने और अलग कदम उठाने के लिए मजबूर करने की जरूरत है।

जेलेंस्की ने यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को और मजबूत करने, बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चरों को नष्ट करने में सक्षम मिसाइलों की तेजी से आपूर्ति करने और रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को जारी रखने की मांग दोहराई।

उन्होंने कहा कि वे उन सभी देशों और लोगों के आभारी हैं, जो स्थिति की गंभीरता को समझते हैं और वास्तविकता को स्वीकार करते हैं। आक्रमणकारी को उचित जवाब मिलना चाहिए। यूक्रेन को समर्थन मिलना चाहिए। लोगों की जान की रक्षा होनी चाहिए। यूक्रेन के साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।

Tags:    

Similar News