एस. जयशंकर ने घाना के विदेश मंत्री से की मुलाकात
अकरा, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने घाना की राजधानी अकरा में अपने समकक्ष सैमुअल ओकुडजेटो अबलाकवा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और घाना के बीच व्यापक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रमुख रणनीतियों पर चर्चा की।;
अकरा, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने घाना की राजधानी अकरा में अपने समकक्ष सैमुअल ओकुडजेटो अबलाकवा से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और घाना के बीच व्यापक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रमुख रणनीतियों पर चर्चा की।
'ग्लोबल साउथ' के साझेदारों के तौर पर अपनी ऐतिहासिक एकजुटता और विकास की साझा आकांक्षाओं पर बात करते हुए दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, विकास सहायता, फार्मास्यूटिकल्स, क्षमता निर्माण, रक्षा और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया।
विदेश मंत्री जयशंकर ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "घाना के विदेश मंत्री सैमुअल ओकुडजेटो अबलाकवा के साथ व्यापक चर्चा हुई। 'ग्लोबल साउथ' के साझेदारों के तौर पर भारत और घाना दोनों विकास संबंधी समान आकांक्षाओं और ऐतिहासिक एकजुटता को साझा करते हैं। हमने व्यापार, निवेश, विकास, फार्मास्यूटिकल्स, क्षमता निर्माण, रक्षा, टेक्नोलॉजी और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में अपनी व्यापक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। साथ ही, हमने बहुपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने और अफ्रीकी संघ व पश्चिम अफ्रीकी राज्यों के आर्थिक समुदाय (ईसीओडब्ल्यूएस) के साथ भारत के जुड़ाव को और गहरा करने के बारे में भी बात की।"
एस. जयशंकर मंगलवार को घाना पहुंचे। इस यात्रा को लेकर भारत नई दिल्ली और अकरा के बीच साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक बातचीत की उम्मीद कर रहा है।
जयशंकर ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "अकरा, घाना पहुंचकर खुशी हुई। विदेश मंत्री सैमुअल ओकुडजेटो अबलाकवा की ओर से किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभारी हूं। अपनी व्यापक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक बातचीत की उम्मीद है।"
इससे पहले, सोमवार को घाना के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि विदेश मंत्री जयशंकर की यात्रा दोनों देशों को एकजुटता और साझा मूल्यों के अपने बंधन को फिर से मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।
मंत्रालय ने कहा, "भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर, घाना के विदेश मंत्री सैमुअल ओकुडजेटो अबलाकवा के निमंत्रण पर 6 से 7 अक्टूबर तक घाना की आधिकारिक यात्रा करेंगे। घाना इस ऐतिहासिक यात्रा पर एस. जयशंकर की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है, जिससे दोनों देशों को एकजुटता और साझा मूल्यों के अपने अटूट बंधन को फिर से मजबूत करने का मौका मिलेगा।"
इसमें आगे कहा गया है कि इस यात्रा के दौरान, घाना और भारत के बीच बातचीत होगी। इससे राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा की 'अकरा रीसेट' पॉलिसी के तहत फार्मास्युटिकल डेवलपमेंट में उनके रिश्ते और मजबूत होंगे। साथ ही, मशीनीकरण और वैल्यू एडिशन के क्षेत्र में कृषि सहयोग को गहरा करने, राष्ट्रपति महामा के औद्योगीकरण और रोजगार सृजन के एजेंडे का समर्थन करने और स्कॉलरशिप व आईटी पार्टनरशिप को बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।
घाना के बाद विदेश मंत्री जयशंकर अपनी पांच दिन की आधिकारिक यात्रा के दौरान 'कोटे डी आइवर' और 'इथियोपिया' जाएंगे। इस यात्रा का मकसद इन तीन अफ्रीकी देशों के साथ भारत की द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करना है।