रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले को मिस्र ने 'अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन' बताया
काहिरा, मिस्र ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद एयरपोर्ट पर किए गए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है।;
काहिरा, मिस्र ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद एयरपोर्ट पर किए गए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। शनिवार को देश के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इसे "अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन" करार दिया। सऊदी अरब पर ये हमले हूती विद्रोहियों ने किए थे। हालांकि अपने बयान में मिस्र ने किसी गुट का नाम नहीं लिया है।
मिस्र के विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर बयान साझा किया। इसमें लिखा, "मिस्र, मित्र राष्ट्र सऊदी अरब के खिलाफ किए गए उन हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करता है जिनमें रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट और सऊदी अरब एयरलाइंस के एक विमान को निशाना बनाया गया। इन हमलों में तीन सऊदी नागरिकों की मौत हो गई और कई आम नागरिक घायल हो गए।"
इसमें आगे कहा गया, "मिस्र इन हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन मानते हुए पूरी तरह से खारिज करता है और अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और नागरिकों की हिफाजत के लिए सऊदी अरब द्वारा उठाए जाने वाले सभी कदमों में उसके साथ पूरी एकजुटता दिखाता है।"
मंत्रालय ने यह भी कहा कि हवाई आवाजाही को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करता है। अरब देश की सरकार और जनता के प्रति मिस्र अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है।
गुरुवार को ईरान समर्थित समूह द्वारा किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किए गए हमलों में एक पायलट समेत सऊदी अरब के तीन नागरिकों की मौत हो गई। सऊदी अरब के जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (जीएसीए) ने इससे पहले बुधवार को भी एक बयान जारी कर बताया था कि 6 और 7 अक्टूबर को आभा और किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी हमला किया गया था।