ममता ने लगाए गंभीर आरोप, कहा-चुनाव आयोग की मिलीभगत से भाजपा ने 100 सीटों पर फर्जीवाड़ा करके हमें हराया

टीएमसी सुप्रीमो ने चुनाव प्रक्रिया में कई स्तरों पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसआईआर के जरिए लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, जिससे उनकी पार्टी को नुकसान हुआ। इसके अलावा उन्होंने ईवीएम मशीनों में भी छेड़छाड़ का आरोप लगाया और कहा कि वोटों की “लूट” की गई है। उनके मुताबिक, यह सिर्फ हार नहीं बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला है।;

Update: 2026-05-05 03:09 GMT

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत के बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई, जिसके कारण उनकी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा।

ममता बनर्जी का बड़ा आरोप

सोमवार देर शाम अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर के मतगणना केंद्र, शेखावत मेमोरियल स्कूल के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि करीब 100 सीटों पर चुनाव परिणामों में धांधली की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सुनियोजित तरीके से किया गया और इसमें चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध है। ममता ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक स्थिति है।

ईवीएम और मतदाता सूची पर उठाए सवाल

टीएमसी सुप्रीमो ने चुनाव प्रक्रिया में कई स्तरों पर गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसआईआर (Special Intensive Revision) के जरिए लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, जिससे उनकी पार्टी को नुकसान हुआ। इसके अलावा उन्होंने ईवीएम मशीनों में भी छेड़छाड़ का आरोप लगाया और कहा कि वोटों की “लूट” की गई है। उनके मुताबिक, यह सिर्फ हार नहीं बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला है।

मतगणना केंद्र पर दुर्व्यवहार का आरोप

ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि जब वह मतगणना केंद्र पहुंचीं तो उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और यहां तक कि मारपीट भी हुई। उन्होंने कहा कि उनके पार्टी एजेंटों को मतगणना केंद्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं। ममता ने यह भी आरोप लगाया कि कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया संदिग्ध हो जाती है।

चुनाव आयोग पर तीखा हमला

चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि आयोग अपनी निष्पक्षता खो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग “भाजपा का कमीशन” बन गया है और स्वतंत्र संस्था की तरह काम नहीं कर रहा। ममता ने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर आगे कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ेंगी।

Tags:    

Similar News