पश्चिम बंगाल में पहली बार तो असम में तीसरी बार बनेगी भाजपा की सरकार: शहजाद पूनावाला
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पांच राज्यों में से तीन राज्यों में मिली भाजपा की जीत पर खुशी जताई।;
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पांच राज्यों में से तीन राज्यों में मिली भाजपा की जीत पर खुशी जताई।
उन्होंने सोमवार को कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बनाने जा रही है। पश्चिम बंगाल में जहां भाजपा पहली बार अपनी सरकार बनाने जा रही है तो वहीं असम में हमारी पार्टी तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। इसके अलावा, पुडुचेरी में भी हमने जीत दर्ज करते हुए मौजूदा स्थिति को अपने पक्ष में करने का काम किया है, जिसे हम अपने लिए राजनीति के मोर्चे पर शुभ संकेत के रूप में रेखांकित कर सकते हैं।
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि पांच में तीन राज्यों में भाजपा को मिली जीत ने यह साफ कर दिया है कि आज की तारीख में लोगों के बीच में प्रधानमंत्री का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। लोगों को प्रधानमंत्री पर भरोसा है। उन्हें यह विश्वास है कि प्रधानमंत्री किसी भी हाल में उनके हितों पर कुठाराघात नहीं लगने देंगे। यही वजह है कि आज की तारीख में तीनों राज्यों में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
इसके अलावा, उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत का जिक्र करते हुए ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को 15 साल तक मौका दिया। 15 सालों तक ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में राज किया, लेकिन अफसोस की बात है कि 15 सालों में उन्होंने सिर्फ मां, माटी और मानुस के साथ धोखा दिया। इससे ज्यादा दुर्भाग्य की बात यह रही कि उन्होंने बलात्कारी और भ्रष्टाचारियों का साथ दिया।
उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि टीएमसी ने आज की तारीख में भीड़ और भय तंत्र को स्थापित करने की कोशिश की, जिसे अब तोड़ने की कोशिश की गई है।