बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कार चढ़ाने का आरोप, युवक गंभीर
16 सितंबर, ईकोटेक-3 क्षेत्र में सड़क पर हुए विवाद के बाद एक बाइक सवार युवक को कार से कुचलने का कथित प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है;
ग्रेटर नोएडा। 16 सितंबर, ईकोटेक-3 क्षेत्र में सड़क पर हुए विवाद के बाद एक बाइक सवार युवक को कार से कुचलने का कथित प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले कार सवारों ने बाइक में टक्कर मारी और युवक के सड़क पर गिरने के बाद उसके ऊपर कार चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार चल रहा है। पीड़ित के भाई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 13 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे की है। अभिषेक ने शिकायत में बताया कि उसका भाई विराट अपने दोस्त सुमित के साथ बाइक से सीआरपीएफ कैंप रोड से सुत्याना गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई वैगनआर कार ने कथित तौर पर तेज रफ्तार में बाइक के सामने कट मार दिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार में चार से पांच लोग सवार थे और वे नशे की हालत में थे। कार सवारों के वाहन चलाने के तरीके का विरोध करने के बाद विराट और उसका दोस्त बाइक से आगे निकल गए। आरोप है कि करीब एक किलोमीटर आगे जाने के बाद कार सवारों ने बाइक का पीछा शुरू कर दिया।
आरोप के मुताबिक, कार सवारों ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे विराट सड़क पर गिर गया। इसके बाद कार सवारों ने कथित तौर पर उसके ऊपर कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गए। हादसे में विराट गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को डायल-112 के जरिए दी गई।
ईकोटेक-3 पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 281, 125(बी) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस कार के नंबर समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।