पीलीभीत में वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ के बाद कार्रवाई, यूपी में सभी ईआरओ कार्यालयों के कंप्यूटर सहायकों की लॉग-इन आईडी होगी बंद
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। पीलीभीत में ईसीआईनेट पोर्टल पर लॉग-इन आईडी के दुरुपयोग की शिकायत सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिलों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालयों में तैनात कंप्यूटर सहायकों की लॉग-इन आईडी तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय करने के निर्देश दिए हैं।;
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। पीलीभीत में ईसीआईनेट पोर्टल पर लॉग-इन आईडी के दुरुपयोग की शिकायत सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिलों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालयों में तैनात कंप्यूटर सहायकों की लॉग-इन आईडी तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय करने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही पीलीभीत के मामले में संलिप्त आउटसोर्स कंप्यूटर सहायक की सेवा समाप्त करने का आदेश भी संबंधित फर्म को दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहें।
इसके तहत सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर कार्यरत ऑपरेटरों की ईसीआईनेट पोर्टल से जुड़ी लॉग-इन आईडी को निष्क्रिय किया जाएगा, ताकि इन आईडी के माध्यम से पोर्टल पर किसी भी तरह की गतिविधि नहीं की जा सके। नवदीप रिणवा ने निर्देश दिए हैं कि लॉग-इन आईडी निष्क्रिय किए जाने के बाद संबंधित ईआरओ से इसकी पुष्टि भी प्राप्त की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं सभी विधानसभा क्षेत्रों में की गई कार्रवाई का सत्यापन करेंगे और इसकी अनुपालन आख्या तत्काल मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 127-पीलीभीत से संबंधित प्रकरण में संलिप्त आउटसोर्स कंप्यूटर सहायक की तत्काल सेवा समाप्त करने के निर्देश संबंधित फर्म को जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में शुचिता, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारी इन निर्देशों का तत्काल और प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करें। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।