नोएडा में आंधी-बारिश का कहर, दो हादसों में किशोर घायल

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गुरुवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान दो अलग-अलग हादसों में किशोर घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय पुलिस और लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कराया;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-05-28 18:59 GMT

गौर सिटी में साइन बोर्ड गिरा, 16 वर्षीय युवक घायल

  • सेक्टर-63 में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, छात्र गंभीर रूप से घायल
  • तेज आंधी-बारिश से शहर में पेड़ गिरे, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में गुरुवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान दो अलग-अलग हादसों में किशोर घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय पुलिस और लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कराया।

पहली घटना थाना बिसरख क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू, गौर सिटी निवासी 16 वर्षीय युवक घर से सामान लेने के लिए सिटी प्लाजा गया था। इसी दौरान अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। तेज हवा के कारण एक बड़ा साइन बोर्ड उड़कर युवक के पास आ गिरा, जिससे उसकी एड़ी में हल्की चोट लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत युवक को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि घायल किशोर को प्राथमिक उपचार दिलाया जा रहा है और उसकी हालत सामान्य है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं हुई।

वहीं दूसरी घटना थाना सेक्टर-63 क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में हुई। यहां तेज आंधी के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत छात्र को मलबे से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

तेज आंधी और बारिश के बाद शहर में कई स्थानों पर पेड़ गिरने और निर्माण स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Tags:    

Similar News