29 लाख की फिरौती कांड में पुलिस पर गिरी गाज, थाना प्रभारी समेत तीन लाइन हाजिर

जीएसटी सलाहकार से 29 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-08-13 17:11 GMT

ग्रेटर नोएडा। जीएसटी सलाहकार से 29 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के मामले में पुलिस की शुरुआती कार्रवाई अब सवालों के घेरे में आ गई है। मामले में लापरवाही बरतने पर बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह, राइज चौकी प्रभारी राहुल चौधरी और कांस्टेबल ओम प्रकाश को बृहस्पतिवार को लाइन हाजिर कर दिया गया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।

दरअसल, बिसरख क्षेत्र निवासी जीएसटी सलाहकार संदीप कुमार से कार सवार बदमाशों ने 29 लाख रुपये की फिरौती वसूली थी। पीड़ित की शिकायत के बावजूद पुलिस ने शुरुआती स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया। आईजीआरएस पर की गई शिकायत में पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने का हवाला देते हुए निस्तारण रिपोर्ट लगा दी थी।

इसके बाद मामला मीडिया में आने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए और आनन-फानन में मुकदमा दर्ज किया गया। एफआईआर दर्ज होने के महज चार दिन के भीतर पुलिस ने घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों को पकड़ लिया। इससे यह सवाल और गहरा गया कि यदि पुलिस ने समय रहते शिकायत पर कार्रवाई की होती तो मामले का खुलासा पहले ही क्यों नहीं हो सका।

मामले की गंभीरता और शुरुआती स्तर पर हुई लापरवाही को देखते हुए अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की है। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र ने थाना प्रभारी को लाइन हाजिर किए जाने की पुष्टि की है। वहीं, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने कहा कि चौकी प्रभारी और कांस्टेबल के निलंबन संबंधी पत्र उन्हें उच्चाधिकारियों से अभी प्राप्त नहीं हुआ है।

Tags:    

Similar News