ट्रेड शो देखने आए लघु उद्योग विभाग के निजी सहायक की होटल में मौत
बीटा दो कोतवाली क्षेत्र के परी चौक के पास स्थित होटल ओएसिस में लखनऊ के लघु उद्योग विभाग के सीईओ के निजी सहायक हरगोविंद (63) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव होटल के नीचे पड़ा मिला;
शराब पीने के बाद कमरे में सोने गए, सुबह होटल के नीचे मिला शव
ग्रेटर नोएडा। बीटा दो कोतवाली क्षेत्र के परी चौक के पास स्थित होटल ओएसिस में लखनऊ के लघु उद्योग विभाग के सीईओ के निजी सहायक हरगोविंद (63) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार सुबह उनका शव होटल के नीचे पड़ा मिला।
आशंका जताई जा रही है कि रात में होटल के कमरे की खिड़की से नीचे गिरने के कारण उनकी मौत हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, हरगोविंद लखनऊ के गड़ंबा कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर के रहने वाले थे। वह लघु उद्योग विभाग में सीईओ के निजी सहायक के पद पर कार्यरत थे। करीब तीन वर्ष पहले सेवानिवृत्त होने के बाद वह विभाग में एक्सटेंशन पर काम कर रहे थे। वह ट्रेड शो में शामिल होने के लिए दोस्तों के साथ ग्रेटर नोएडा आए थे।
बताया गया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे हरगोविंद अपने पांच दोस्तों के साथ होटल पहुंचे थे। सभी अलग-अलग कमरों में ठहरे थे। रात में दोस्तों ने साथ बैठकर खाना खाया और शराब पी। इसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। हरगोविंद भी अपने कमरे में चले गए। शनिवार सुबह होटल का कर्मचारी उनके कमरे में चाय देने पहुंचा। कमरे में हरगोविंद नहीं मिले। इस दौरान खिड़की खुली हुई थी। कर्मचारी ने खिड़की से नीचे देखा तो होटल के नीचे उनका शव पड़ा था। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फोरेंसिक टीम तथा फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। हरगोविंद का बेटा गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहता है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खिड़की से गिरने के कारण मौत होने की बात सामने आ रही है। रात में शराब पीने की जानकारी भी मिली है। आशंका है कि खिड़की बंद करते समय संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए होंगे। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल स्वजन की ओर से कोई आरोप या शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।