होली से पहले नगर पालिका की तैयारियां तेज
आगामी होली पर्व को सकुशल एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका परिषद मवाना की अधिशासी अधिकारी पूजा सिंह ने नगर के विभिन्न होलिका दहन स्थलों तथा पालिका के एमआरएफ सेंटर का निरीक्षण किया
अधिशासी अधिकारी पूजा सिंह ने किया स्थलों का निरीक्षण
मवाना। आगामी होली पर्व को सकुशल एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को नगर पालिका परिषद मवाना की अधिशासी अधिकारी पूजा सिंह ने नगर के विभिन्न होलिका दहन स्थलों तथा पालिका के एमआरएफ सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिशासी अधिकारी पूजा सिंह ने कहा कि होली के दौरान नगर में विशेष साफ-सफाई, कूड़ा उठान तथा पेयजलापूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर कोई कमी है, उन्हें समय रहते पूर्ण किया जाए ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मौहल्ला तिहाई स्थित होली चौक पर स्थानीय निवासियों ने सौंदर्यकरण की मांग रखी। इस पर अधिशासी अधिकारी ने शीघ्र ही होली चौक के सौंदर्यकरण का कार्य कराए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर के प्रमुख स्थलों का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता और व्यवस्थाएं दोनों सुदृढ़ हों।
एमआरएफ सेंटर के निरीक्षण के दौरान कचरा प्रबंधन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिशासी अधिकारी ने स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा समयबद्ध कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार, सफाई नायक राकेश कुमार सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
अधिशासी अधिकारी द्वारा त्योहार को लेकर की जा रही तैयारियों से नगरवासियों में संतोष का माहौल है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे होली के पर्व पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें।