गाजियाबाद: इंदिरापुरम के पार्श्वनाथ मजेस्टिक में फ्लैट में भीषण आग, समय रहते बाहर निकले लोग

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वैभव खंड के पार्श्वनाथ मजेस्टिक आवासीय परिसर में बुधवार दोपहर एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग में हड़कंप मच गया। फायर स्टेशन वैशाली को दोपहर करीब 1:32 बजे फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली। सूचना प्राप्त होते ही वैशाली फायर स्टेशन के प्रभारी के नेतृत्व में दो फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।;

Update: 2026-09-16 12:49 GMT

गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वैभव खंड के पार्श्वनाथ मजेस्टिक आवासीय परिसर में बुधवार दोपहर एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग में हड़कंप मच गया। फायर स्टेशन वैशाली को दोपहर करीब 1:32 बजे फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली। सूचना प्राप्त होते ही वैशाली फायर स्टेशन के प्रभारी के नेतृत्व में दो फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

कुछ ही समय बाद गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि पार्श्वनाथ मजेस्टिक के डी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट संख्या डी-304 में आग तेजी से धधक रही थी। यह फ्लैट अनीता खेत्रपाल, उम्र करीब 60 वर्ष, का बताया गया है। आग की लपटें और धुआं निकलने के कारण आसपास के फ्लैटों में भी दहशत का माहौल बन गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। फायर यूनिट ने तीसरी मंजिल से होज पाइप नीचे लटकाकर होजलाइन बिछाई और आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ फ्लैट के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग के स्रोत तक पहुंचकर पानी की बौछार शुरू की। टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। दमकल विभाग की तत्परता, कार्यकुशलता और आपसी समन्वय के चलते कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

इसके साथ ही आग को आसपास के फ्लैटों तक फैलने से पहले ही रोक लिया गया। इससे आवासीय परिसर में बड़ा हादसा होने से टल गया। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि आग लगने के समय फ्लैट के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही सभी लोग समय रहते बिल्डिंग से बाहर निकल गए थे। मौके पर फ्लैट मालिक अनीता खेत्रपाल भी मौजूद थीं। अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

हालांकि, आग की चपेट में आने से फ्लैट के अंदर रखे घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। आग से फ्लैट के भीतर काफी नुकसान हुआ है। दमकल विभाग की टीम ने आग पूरी तरह बुझाने के बाद मौके पर स्थिति का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि कहीं दोबारा आग सुलगने की संभावना न हो।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। अग्निशमन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। समय रहते सूचना मिलने और दमकल विभाग की टीम के तत्काल मौके पर पहुंचने से आग को सीमित क्षेत्र में ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास के फ्लैटों और वहां रहने वाले लोगों को किसी बड़े खतरे से बचाया जा सका।


Tags:    

Similar News