कन्नौज में भारी बारिश का अलर्ट, कक्षा 8 तक के सभी स्कूल 26 सितंबर को बंद
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लगातार बारिश और भारी वर्षा के अनुमान को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी के आदेश पर कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है।;
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में लगातार बारिश और भारी वर्षा के अनुमान को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी के आदेश पर कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में शनिवार को अवकाश घोषित किया गया है।
इसमें सभी बोर्ड के सरकारी और गैरसरकारी विद्यालय शामिल हैं। इस संबंध में बीएसए संदीप कुमार ने स्कूल बंदी का पत्र जारी किया है।
वहीं, संभावित भारी बारिश से पैदा होने वाली किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीमों को भी सतर्क कर दिया है। एडीएम देवेंद्र सिंह ने ग्रामवार लेखपालों और राजस्व टीम को अलर्ट रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति और फसल नुकसान पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
एडीएम देवेंद्र सिंह ने निर्देश दिए हैं कि बारिश के कारण यदि किसी क्षेत्र में आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो प्रभावित लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाई जाए। प्रशासन की टीमें संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहेंगी।
दरअसल, बंगाल की खाड़ी पर तूफानी स्थिति का असर उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है। इसी के तहत यूपी के लखनऊ समेत कई शहरों में सुबह से शुरू हुई बारिश लगातार रात तक होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 5 जिलों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम की चेतावनी के मद्देनजर लखनऊ, कानपुर, मिर्जापुर, गोंडा समेत कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।