गाजियाबाद ट्रिपल सुसाइड : ऑनलाइन गेम की लत ने ली तीन मासूम बहनों की जान

टीलामोड़ थाना क्षेत्र के भारत सिटी सोसायटी से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है

By :  Deshbandhu
Update: 2026-02-04 04:15 GMT

गाजियाबाद। टीलामोड़ थाना क्षेत्र के भारत सिटी सोसायटी से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से छलांग लगाकर सामूहिक आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार में कोहराम मच गया।

घटना कैसे हुई?

पुलिस के अनुसार मृतक बहनों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई है। तीनों बहनें अपने कमरे में थीं, जबकि माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खिड़की से छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक तेज आवाज सुनकर वे मौके पर पहुंचे तो तीनों बच्चियों के शव जमीन पर पड़े थे।

ऑनलाइन गेमिंग की लत

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें पिछले कुछ महीनों से एक टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम की आदी थीं। कोरोना महामारी के बाद से उनकी पढ़ाई भी बाधित रही और वे अधिकतर समय मोबाइल पर गेम खेलने में बिताती थीं। बताया जा रहा है कि माता-पिता ने उनकी गेमिंग आदत पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया।

सुसाइड नोट मिला

पुलिस को घटनास्थल से एक पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिस पर लिखा है— “मम्मी-पापा सॉरी”। इस नोट ने पूरे मामले को और भी संवेदनशील बना दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मोबाइल फोन व डिजिटल गतिविधियों की जांच की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

समाज के लिए चेतावनी

यह घटना एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग की खतरनाक लत और बच्चों पर उसके मानसिक प्रभाव को उजागर करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ती निर्भरता और निगरानी की कमी बच्चों को गंभीर जोखिमों की ओर धकेल सकती है।

Tags:    

Similar News