UP : दुबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली पर बरसे आप प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा; अस्पताल तक सड़क न होने पर आंदोलन की चेतावनी

मऊ जिले के दुबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की जर्जर स्थिति और वहां तक पहुंचने के लिए सड़क न होने का गंभीर मुद्दा अब गरमा गया है।;

Update: 2026-06-08 11:17 GMT

मऊ। मऊ जिले के दुबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की जर्जर स्थिति और वहां तक पहुंचने के लिए सड़क न होने का गंभीर मुद्दा अब गरमा गया है। आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेताओं के निमंत्रण पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने दुबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक दौरा किया। इस दौरान अस्पताल की खस्ताहाल स्थिति और एंबुलेंस तक न पहुंच पाने की जमीनी हकीकत देखकर उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लिया।

​पार्टी प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने अस्पताल से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क की दुर्दशा का एक वीडियो भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया है, जिसमें विकास के दावों की पोल खुलती साफ नजर आ रही है।

​मरीज खटिए पर जाने को मजबूर, सरकार के विकास के दावे खोखले: सर्वेश मिश्रा

​अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा ने कहा:

​"यह बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है कि सालों से बने इस अस्पताल तक पहुंचने के लिए आज तक एक पक्की सड़क नहीं बन पाई है। इस आधुनिक युग में भी यहां के स्थानीय ग्रामीणों और मरीजों को खेत के रास्ते, खटिए पर लादकर अस्पताल पहुंचना पड़ता है। एंबुलेंस आने के लिए कोई रास्ता ही नहीं है।"

​उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आगे कहा ​"अभी कुछ ही दिनों पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मधुबन में एक बड़ी रैली की थी। इस रैली स्थल से कुछ ही दूरी पर यह बदहाल अस्पताल स्थित है। पिछले 10 सालों में सरकार इस अस्पताल तक एक एंबुलेंस जाने लायक सड़क नहीं बनवा सकी। यह साफ दिखाता है कि मऊ जिले और पूरे पूर्वांचल को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जानबूझकर पिछड़ेपन की आग में झोंक रखा है। केंद्र सरकार के मंत्री ए.के. शर्मा मऊ के विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि मरीजों के लिए सड़क तक मयस्सर नहीं है।"

​सड़क नहीं बनी तो होगा बड़ा आंदोलन

​आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि दुबारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली पक्की सड़क का निर्माण जल्द से जल्द शुरू नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरेगी। पार्टी इस जनविरोधी रवैये के खिलाफ उग्र धरना-प्रदर्शन करेगी और यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक ग्रामीणों को उनका अधिकार (पक्की सड़क) नहीं मिल जाता।

​इस दौरे के दौरान आम आदमी पार्टी के स्थानीय वरिष्ठ नेता जयराम यादव, विजय यादव, इकबाल खान , मनोज जी, राजकुमार जायसवाल, दिलीप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News