पार्किंग में मिला लापता व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप, जलपुरा के पास पार्किंग में मंगलवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजीव (40) के रूप में हुई है;

By :  Deshbandhu
Update: 2026-09-16 18:12 GMT

ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में भारत पेट्रोल पंप, जलपुरा के पास पार्किंग में मंगलवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजीव (40) के रूप में हुई है। वह मूलरूप से कासगंज के रहने वाले थे और वर्तमान में कुलेसरा की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में रह रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, राजीव 12 सितंबर की रात बिना बताए घर से चले गए थे। उनके परिजनों ने ईकोटेक-3 थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 15 सितंबर को डायल-112 के जरिए पुलिस को जलपुरा स्थित पेट्रोल पंप के पास पार्किंग में शव मिलने की सूचना मिली।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों और एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News