टीआरएन की मनमानी से क्षेत्र के ग्रामीण त्रस्त

रायगढ़ ! रायगढ़ जिले के घरघोडा ब्लाक के अंतर्गत आने वाले ग्राम भेंगारी में लगी टीआरएन कंपनी की मनमानी से न केवल ग्रामवासी परेशान है बल्कि पुलिस भी इनकी झुठी रिपोर्ट से खासी परेशान हो रही है।;

Update: 2017-02-07 03:48 GMT

वन भूमि पर बेजा कब्जा कर बढ़ा रही उद्योग की सीमा
रायगढ़ !  रायगढ़ जिले के घरघोडा ब्लाक के अंतर्गत आने वाले ग्राम भेंगारी में लगी टीआरएन कंपनी की मनमानी से न केवल ग्रामवासी परेशान है बल्कि पुलिस भी इनकी झुठी रिपोर्ट से खासी परेशान हो रही है। आदिवासियों की जमीन खरीदी बिक्री के चलते सुर्खियों में आई यह कंपनी अभी भी वन विभाग की जमीनों को लगातार कब्जा कर रही है और जेसीबी से हरे भरे पेडों को भी उखाडकर अपनी सीमा को बढ़ाने में लगी है। यह क्षेत्र  जंगली हाथियों से प्रभावित होनें के बाद भी वन विभाग ने कभी इस कंपनी की हरकतों पर लगाम नही लगाई और न ही प्रशासनिक अधिकारियों ने कभी इसकी जांच की। लगातार प्रदूषण फैलाने के साथ-साथ सडक़ों पर दुर्घटनाओं को बढावा देने में लगी इस कंपनी पर स्थानीय समाजसेवी संगठन कई सवाल उठा रहें है। जनचेतना मंच के संयोजक राजेश त्रिपाठी बताते है कि  नियमों को ताक में रखकर स्थापित की गई टीआरएन कंपनी ने जहां पर अपना उद्योग स्थापित किया है वहां आदिवासियों की जमीन बेनामी खरीदी की गई है साथ ही साथ वन विभाग की जमीन पर भी इनका कब्जा है। श्रम अधिनियमों के कानून को दरकिनार करने वाले इस कंपनी पर ग्रामवासियों ने कई बार सवाल उठाये पर प्रशासन उनकी सुनने को तैयार नही। घरघोड़ा थाने में भी इस कंपनी ने स्थानीय ग्रामवासियों को फंसाने के लिये करोडो रूपये की चोरी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था वह भी पुलिस जांच में न केवल फर्जी निकला बल्कि उस रिपोर्ट को ही पुलिस ने खात्मे में डाल दिया। लगातार अपनी मनमानी करने वाली इस कंपनी के कारनामों से ग्राम भेंगारी सहित आसपास के आधा दर्जन ग्रामवासी खासे परेशान है।

Tags:    

Similar News