उत्तराखंड में 628 प्रत्याशियों का भाग्य हुआ ईवीएम में कैद

देहरादून ! उत्तराखंड में चौथी विधानसभा के लिए हुए मतदान के बाद 69 विधानसभा क्षेत्रों के 628 प्रत्याशियों का भाग्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो गया। अब 11 मार्च को इन प्रत्याशियों के;

Update: 2017-02-16 04:55 GMT

देहरादून !   उत्तराखंड में चौथी विधानसभा के लिए हुए मतदान के बाद 69 विधानसभा क्षेत्रों के 628 प्रत्याशियों का भाग्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो गया। अब 11 मार्च को इन प्रत्याशियों के भाग्य का निर्णय होगा। 
उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2017 के लिए आज छिटपुट घटनाओं के बीच शांतिपूर्वक तरीके से 69 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान संपन्न हो गया। मतदान प्रातः आठ बजे शुरू होकर सायं पांच बजे तक चला। 
इस आम निर्वाचन प्रक्रिया में कुल 75,13,547 मतदाताओं को प्रतिभाग करना था। जिसमें 74,20,710 सामान्य मतदाता (38,87,296 पुरूष, 35,33,229 महिलाएं एवं 185 अन्य) एवं 92,837 सर्विस वोटर (63,872 पुरूष एवं 28,965 महिलाएं) सम्मिलित थे। लेकिन इस बार मत प्रतिशत मात्र 68 प्रतिशत रहा। इससे साफ है कि इस बार मतदाताओं ने मतदान में कम रूचि दिखाई। 
उल्लेखनीय है राज्य में पिछले पांच वर्ष में सत्तासीन कांग्रेस के दो मुख्यमंत्री रहे। मौजूदा मुख्यमंत्री हरीश रावत को पार्टी हाईकमान ने उस वक्त मुख्यमंत्री पद बनाने की सिफारिश की, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा पर मई, 2013 में केदार घाटी में आई आपदा के दौरान, राहत राशि में घोटाले के आरोप लगे। अब श्री विजय बहुगुणा भाजपा में हैं। 
आज मतदान के लिए प्रदेश में 69 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 7,887 मतदान स्थलों के लिए कुल 10,685 मतदान केन्द्र स्थापित किये गये। इनमें कुल 1424 संवेदनशील 1409 अतिसंवेदनशील मतदेय केन्द्र थे। 197 मतदान केन्द्रो पर वेबकास्टिंग की गई। 460 मतदान केन्द्र हिमाच्छादित स्थानो पर थे। यमुनोत्री विधानसभा का 134-राजकीय प्राथमिक विद्यालय खरसाली 9800 फीट की सर्वाधित ऊंचाई पर स्थित मतदान केन्द्र है। निर्वाचन ड्यूटी में कुल 88,395 विभागीय कार्मिक तथा लगभग 40,000 सुरक्षा बल तैनात किये गये। 

Tags:    

Similar News