छात्र को पेट्रोल डालकर जलाया

बैतूल ! जिले के मोरडोंगरी गांव में मामूली विवाद पर एक छात्र ने दूसरे छात्र को पेट्रोल डालकर जला दिया। 90 फीसदी जले छात्र को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।;

Update: 2017-01-09 22:06 GMT

बैतूल !  जिले के मोरडोंगरी गांव में मामूली विवाद पर एक छात्र ने दूसरे छात्र को पेट्रोल डालकर जला दिया। 90 फीसदी जले छात्र को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार सारणी थानान्तर्गत मोरडोंगरी के शासकीय स्कूल के कक्षा 7वीं में पढऩे वाले छात्र गोपाल पिता मुकेश पटेल (14) को गांव के पास की नदी किनारे रविवार को करीब 3 बजे गंभीर रूप से झुलसी अवस्था में ग्रामीणों ने देखा। गोपाल ने बताया कि शुक्रवार को स्कूल में ग्राम बाकुड़ निवासी कक्षा 8वीं के एक छात्र से उसका विवाद हो गया था। रविवार को वह अपने दोस्त लोकेश यादव के साथ गांव की नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वही छात्र पेट्रोल से भरी बॉटल लेकर आया और उसने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे छात्र के मामा शंकर ने बताया कि गोपाल के माता-पिता नहीं है, वह उनके यहां रहकर पढ़ाई कर रहा है।
इनका कहना है
मोरडोंगरी और बाकुड़ गांव के बीच में स्थित नदी के किनारे छात्र को जलाने की घटना हुई है। गंभीर रूप से झुलसे गोपाल ने नायब तहसीलदार पीएन भारके को दिए बयान में बताया कि जिसने पेट्रोल डालकर आग लगाई वह उसे चेहरे से जानता है। दो दिन पहले भी उसके द्वारा स्कूल में विवाद किया गया था।
विक्रम रजक, टीआई, सारणी

 

Tags:    

Similar News