एसएसबी के जवानों ने 2 करोड़ 50 लाख रूपये का चरस बरामद किया
बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड थाना क्षेत्र से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने कल देर रात 12 किलो 500 ग्राम चरस बरामद किया है।;
बेतिया। बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड थाना क्षेत्र से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने कल देर रात 12 किलो 500 ग्राम चरस बरामद किया है।
44 वीं एसएस बी के समादेष्टा अंजय कुमार रजक ने आज यहां बताया कि सूचना मिली थी कि तस्कर चरस की खेप लेकर भारत की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। इसी आधार पर सहायक समादेष्टा राजीव कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के पिराड़ी में घेराबंदी की गई।
भारतीय सीमा में प्रवेश करने की आहट सुनकर बल के जवानों ने जब तीन-चार लोगों को रूकने को कहा तो वे एक गठरी को फेंककर नेपाल की ओर फरार हो गये।
रजक ने बताया कि जांच के दौरान गठरी से 12 किलो 500 ग्राम चरस बरामद किया गया है । उन्होंने बताया कि बरामद किये गये चरस की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ 50 लाख रूपये है।