टॉप ऑर्डर में बदलाव के बिना वैभव सूर्यवंशी को मौका मिले: अभिषेक नायर

नई दिल्ली, भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है।;

By :  IANS
Update: 2026-10-16 08:34 GMT

नई दिल्ली, भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शनिवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। सीरीज 2-2 से बराबरी पर है। ऐसे में यह मुकाबला निर्णायक है और दोनों टीमें इसे जीतकर ट्रॉफी अपने नाम करने की पूरी कोशिश करेंगी।

भारतीय टीम मैनेजमेंट के सामने मैच जीतने के साथ-साथ यह भी चुनौती है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका दें या न दें। सूर्यवंशी को पिछले 4 मैचों में एक भी मैच खेलने को नहीं मिला है।

भारतीय टीम के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी20 में मौका दिया जाए, लेकिन टॉप ऑर्डर में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाए। नायर ने गेंदबाजी में बदलाव की बात कही।

अभिषेक नायर ने जियोहॉस्टार पर कहा, "सूर्यवंशी के बारे में तभी सोचा जाना चाहिए जब भारत उन्हें ओपनर के तौर पर उनकी नैचुरल पोजीशन पर इस्तेमाल करने के लिए तैयार हो।"

उन्होंने कहा, "अगर वैभव सूर्यवंशी खेलते हैं, तो उन्हें उनकी सबसे मजबूत पोजीशन पर खेलना चाहिए, जो कि ओपनिंग है। अगर वह ओपनिंग करते हैं, तो जो नंबर 3 पर खेल रहा है, उसे अपनी सबसे मजबूत पोजीशन पर खेलना चाहिए। मैं वैभव सूर्यवंशी को बेंगलुरु में देखना चाहता हूं, लेकिन मैं बॉलिंग में बदलाव करूंगा, बैटिंग में नहीं।"

वेस्टइंडीज सीरीज में भारतीय टीम के लिए पारी की शुरुआत कर रहे अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की जोड़ी ने मिले-जुले परिणाम दिए हैं। अभिषेक ने 4 पारियों में 139 रन बनाए हैं। इसमें 30 गेंदों पर खेली गई एक 69 रन की पारी शामिल है, जबकि सैमसन ने 152 रन बनाए हैं, जिसमें रांची में 41 गेंदों पर 82 और हैदराबाद में 23 गेंदों पर 56 रन शामिल हैं। ऐसे में वैभव को प्लेइंग इलेवन में जगह देना कोच गंभीर और कप्तान अय्यर के लिए मुश्किल हो गया है।

सूर्यवंशी ने 4 जुलाई को मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ सीनियर इंडिया के लिए डेब्यू किया। उन्होंने उस सीरीज में तीन मैचों में साधारण प्रदर्शन किया। जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव का प्रदर्शन अच्छा रहा था। तीन मैचों में 2 अर्धशतक के साथ 151 रन बनाकर वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। इसके बाद अफगानिस्तान सीरीज में उन्हें मौका नहीं मिला था। एशियन गेम्स में श्रीलंका के खिलाफ 21 गेंदों पर 38 और फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ नौ गेंदों पर 15 रन उनके बल्ले से निकले। इसके बाद वैभव को अपने अगले मौके का इंतजार है।

Tags:    

Similar News