वनडे सीरीज के लिए सूर्यांश शेडगे इंडिया-ए टीम में शामिल
पुडुचेरी, सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में शामिल किया गया है। सूर्यांश मंगलवार से शुरू होने जा रही सीरीज में चोटिल हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे।;
पुडुचेरी, सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में शामिल किया गया है। सूर्यांश मंगलवार से शुरू होने जा रही सीरीज में चोटिल हार्दिक पंड्या की जगह लेंगे।
हार्दिक पंड्या को पिछले महीने टीम में चुना गया था, लेकिन उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर था। 19 सितंबर को दाहिनी पिंडली में तकलीफ के कारण पंड्या को आखिरकार बाहर कर दिया गया। इसके बाद में एमआरआई स्कैन से पता चला कि उन्हें बहुत हल्का 'इंट्रामेडुलरी एडिमा' है, जो 'राइट मीडियल टिबियल स्ट्रेस सिंड्रोम' जैसा ही है।
एक सूत्र ने रविवार को 'आईएएनएस' को बताया, "शेडगे चोटिल हार्दिक की जगह इंडिया-ए टीम में शामिल हो गए हैं। शेडगे को क्वाड्रिसेप्स में चोट लगी थी और वह बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ठीक हो रहे थे।"
23 वर्षीय शेडगे ने इसी साल जून में आयरलैंड के विरुद्ध भारत के टी20 दौरे पर अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। शेडगे इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भी खेले थे, हालांकि उन्होंने अभी तक कोई विकेट नहीं लिया है। शेडगे ने इस साल जून में श्रीलंका में इंडिया-ए की 50 ओवरों की ट्राई-सीरीज के दौरान भी प्रभावित किया था; उन्होंने 5 मुकाबलों में 147 रन बनाए और दो विकेट हासिल किए। इंडिया-ए टीम में शामिल होने के बाद शेडगे 11 अक्टूबर से चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई का पहला रणजी ट्रॉफी मैच नहीं खेल सकेंगे।
मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज नमन धीर भी ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ 50 ओवरों की सीरीज नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए वॉशिंगटन सुंदर की जगह भारत की टी20 टीम में शामिल किया गया है।
ऑफ-स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को टी20 टीम से रिलीज कर दिया गया है। सुंदर नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले टेस्ट मैचों की तैयारी के तौर पर तमिलनाडु के लिए रणजी ट्रॉफी खेलेंगे। ऋतुराज गायकवाड़ 6, 9 और 11 अक्टूबर को होने वाले 50 ओवर के मैचों में इंडिया-ए टीम की कप्तानी करेंगे।
इंडिया-ए टीम: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), प्रियांश आर्य, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, विपराज निगम, अर्शिन कुलकर्णी, अरशद खान, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), गुरजपनीत सिंह, यश ठाकुर और सूर्यांश शेडगे।