भुवनेश्वर की 'मेहनत' के आगे आखिरकार हारे सिलेक्टर्स

नई दिल्ली, 22 नवंबर 2022 को भुवनेश्वर कुमार ने भारतीय टीम की जर्सी में अपना आखिरी मैच खेला था।;

By :  IANS
Update: 2026-10-07 05:59 GMT

नई दिल्ली, 22 नवंबर 2022 को भुवनेश्वर कुमार ने भारतीय टीम की जर्सी में अपना आखिरी मैच खेला था। इन बीते चार वर्षों में कई तेज गेंदबाज टीम इंडिया में आए और धीरे-धीरे भुवनेश्वर का नाम गुमनाम होता चला गया। सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग में भी भुवनेश्वर के नाम पर चर्चा होनी बंद हो गईं। हालांकि, भुवनेश्वर की कड़ी मेहनत लगातार जारी रही और वह अपने काम में लग रहे। निरंतरता के साथ की गई उस मेहनत का इनाम ही है कि भुवनेश्वर चार साल बाद भारतीय टीम में 36 साल की उम्र में वापसी करने में सफल रहे हैं।

भुवनेश्वर की दोबारा भारतीय टीम में वापसी होगी, ऐसी उम्मीद हर किसी ने छोड़ ही दी थी। कई क्रिकेट पंडित तो भुवनेश्वर के रिटायरमेंट के ऐलान की राह देखने लगे थे। हालांकि, भुवनेश्वर ने बिना किसी बयानबाजी के अपनी गेंदबाजी को निखारना जारी रखा। आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से खेलते हुए कुल 17 विकेट निकाले। विकेट चटकाने से ज्यादा भुवनेश्वर कुमार की अंत के ओवरों में कमाल की गेंदबाजी ने हर किसी का ध्यान खींचा और उन्होंने आरसीबी को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।

आईपीएल 2026 तो भुवनेश्वर के लिए और भी उम्दा रहा। भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन खेले 16 मुकाबलों में 17.89 की औसत से 28 विकेट निकाले और टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। भुवनेश्वर की गेंदबाजी आरसीबी के लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने की वजह बनी। लगातार दो आईपीएल सीजन में कमाल की गेंदबाजी के चलते भुवनेश्वर के टीम इंडिया में कमबैक को लेकर मांगें उठने लगीं। भुवनेश्वर ने अपने दमदार प्रदर्शन से सिलेक्टर्स पर भी दबाव बनाया।

इसके बाद यूपी टी20 लीग 2026 में भी भुवनेश्वर अपनी गेंदबाजी से छाप छोड़ने में सफल रहे। उन्होंने टूर्नामेंट में 6.11 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 11 मुकाबलों में कुल 14 विकेट चटकाए। इसके साथ ही अपनी कप्तानी में भुवी ने लखनऊ फॉल्कंस को फाइनल तक भी पहुंचाया। यही वजह रही कि न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलने वाले भुवनेश्वर चार साल बाद ही सही, लेकिन इसी टीम के खिलाफ टीम इंडिया की जर्सी में वापसी करेंगे। अपनी स्विंग के दम पर भुवनेश्वर न्यूजीलैंड में घातक साबित हो सकते हैं। 36 साल की उम्र में भुवनेश्वर ने वापसी करके यह दिखाया कि अगर लड़ने का जज्बा जिंदा रखा जाए, तो कामयाबी देर से सही, लेकिन कदम जरूर चूमती है।

Tags:    

Similar News