ईशान किशन की दमदार पारी: एशियन गेम्स 2026

निशिन, एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की भिंड़त श्रीलंका से हो रही है।;

By :  IANS
Update: 2026-10-01 06:47 GMT

निशिन, एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की भिंड़त श्रीलंका से हो रही है। कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के मैदान पर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए।

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा 3 गेंदों में महज 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद संजू सैमसन भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 9 गेंदों में 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा और वह 13 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, प्लेइंग इलेवन में लौटे वैभव सूर्यवंशी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 21 गेंदों में 38 रनों की अहम पारी खेली। वैभव ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए।

वैभव के पवेलियन लौटने के बाद भारतीय पारी को ईशान किशन ने संभाला। दूसरे छोर से भारतीय टीम विकेट गंवाती रही, लेकिन ईशान क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। फिफ्टी पूरा होने के बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज ने अपना अंदाज बदला और उन्होंने अगली 13 गेंदों में 30 रन बनाए। ईशान 46 गेंदों में 80 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और 5 छक्के लगाए।

अक्षर पटेल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 13 गेंदों का सामना करने के बावजूद सिर्फ 8 रन ही बना सके। उकप्तान तिलक वर्मा 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि शिवम दुबे महज 3 रन बनाकर थरिंदु रत्नायके का शिकार बने। वॉशिंगटन सुंदर 3 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से गेंदबाजी में रत्नायके ने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

वहीं, कप्तान साहन अराच्चिगे ने 28 रन खर्च करके 2 विकेट झटके। भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। यश ठाकुर की जगह पर जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है, जबकि अर्शदीप सिंह को बेंच पर बैठाकर वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है।

Tags:    

Similar News