IND vs PAK: कोलंबो में भिड़ंत से पहले जानें प्लेइंग 11, मौसम और A To Z डिटेल्स

पेट में संक्रमण के कारण दिल्ली में दो दिन अस्पताल में रहने वाले ओपनर अभिषेक शर्मा फिट हो गए हैं। वह नामीबिया के विरुद्ध नहीं खेल पाए थे लेकिन कप्तान सूर्य कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि वह पाकिस्तान के विरुद्ध खेलने को तैयार हैं।

Update: 2026-02-14 21:51 GMT

कोलंबो।  भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले कोलंबो में क्रिकेट का उत्साह चरम पर है। शहर के लगभग सभी होटल हाउसफुल हो चुके हैं। दुनियाभर से भारतीय क्रिकेट प्रेमी श्रीलंका पहुंच चुके हैं और कोलंबो की सड़कों, दुकानों, क्लबों, कैसीनो और बीच पर भारतीय प्रशंसकों की भारी मौजूदगी देखी जा सकती है। पाकिस्तानी टीम पिछले कई हफ्तों से श्रीलंका में डेरा डाले हुए है और अपने ग्रुप मुकाबले यहीं खेल चुकी है। उनके समर्थक भी सीमित संख्या में यहां पहुंचे हैं। भारतीय टीम शुक्रवार को कोलंबो पहुंची और शनिवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।

हालांकि इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले सबसे बड़ी चिंता मौसम को लेकर है। शनिवार दोपहर से ही कोलंबो में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने रविवार दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक बारिश की प्रबल संभावना जताई है। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें मैदान से ज्यादा आसमान पर टिकी हुई हैं।

विवादों की पृष्ठभूमि: राजनीति से क्रिकेट तक


यह मुकाबला केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे बीते महीनों के कई विवाद भी जुड़े हुए हैं। पिछले वर्ष एशिया कप फाइनल जीतने के बाद भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इस घटना ने दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में तल्खी बढ़ा दी थी। इसी बीच बांग्लादेश से जुड़े हालात के मद्देनजर बीसीसीआई के निर्देश पर कोलकाता नाइटराइडर्स ने तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का आईपीएल करार रद्द कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद पाकिस्तान की ओर से भी सख्त बयानबाजी हुई। मोहसिन नकवी और पाकिस्तान सरकार की ओर से इस मैच में टीम को नहीं उतारने के संकेत दिए गए थे। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस दिशा में बयान दिया था। हालांकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के दबाव और वैश्विक क्रिकेट व्यवस्था के तहत अंततः पाकिस्तान को अपने रुख में नरमी दिखानी पड़ी। इन घटनाओं ने इस मुकाबले को केवल क्रिकेटीय संघर्ष नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा की लड़ाई का रूप दे दिया है।

मौसम बनाम पिच: कप्तानों के सामने रणनीतिक चुनौती


कोलंबो की पिच को लेकर दिलचस्प स्थिति है। सतह पर घास नहीं है और विकेट सफेद व सख्त नजर आ रहा है। इसे स्पोर्टिंग विकेट बनाने की कोशिश की गई है। यह वही पिच है जिस पर हाल में ऑस्ट्रेलिया और जिंबाब्वे के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें जिंबाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। उस मैच में जिंबाब्वे के तेज गेंदबाजों ने सात विकेट झटके थे। हालांकि, वह दिन का मैच था, जबकि भारत-पाक मुकाबला रात में खेला जाना है। शाम के समय ओस और बादलों का प्रभाव अलग तरह से पड़ सकता है। आसमान में छाए बादल तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीम मूवमेंट दे सकते हैं, जबकि पिच की प्रकृति स्पिनरों के अनुकूल मानी जा रही है। ऐसे में दोनों कप्तानों को अंतिम एकादश तय करते समय संतुलन साधना होगा।

स्पिनरों की जंग: मध्यक्रम की परीक्षा


भारत के मध्यक्रम के सामने पाकिस्तान के स्पिन आक्रमण की कड़ी चुनौती होगी। हाल में नामीबिया के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज स्पिन के सामने असहज दिखे थे। पाकिस्तान के पास उस्मान तारिक, सईम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान और मोहम्मद नवाज जैसे विकल्प मौजूद हैं। कोलंबो की परिस्थितियों की बेहतर समझ पाकिस्तान को बढ़त दे सकती है। खासकर यदि विकेट धीमा रहा तो स्पिनरों की भूमिका निर्णायक हो सकती है। हालांकि बादलों को देखते हुए पाकिस्तान तेज गेंदबाज नसीम शाह को भी मौका दे सकता है। ऐसे में किसी एक स्पिनर को बाहर बैठना पड़ सकता है।

उस्मान तारिक का एक्शन चर्चा में


पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक अपने साइड-आर्म एक्शन और गेंद फेंकने से पहले रुकने की शैली के कारण चर्चा में हैं। उनकी गेंदबाजी की वैधता पर सवाल उठ चुके हैं। भारतीय टीम ने उनसे निपटने के लिए विशेष अभ्यास किया। अभ्यास सत्र के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव और कुछ नेट गेंदबाजों ने तारिक की शैली की नकल करते हुए अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को गेंदबाजी की। मुख्य कोच गौतम गंभीर नेट्स के पीछे खड़े होकर बल्लेबाजों की तैयारी पर नजर रखे हुए थे। यह स्पष्ट संकेत है कि भारतीय टीम इस चुनौती को हल्के में नहीं ले रही।

अभिषेक की वापसी, टीम संयोजन पर असर


भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण के कारण दिल्ली में दो दिन अस्पताल में भर्ती रहे थे और नामीबिया के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल सके थे। अब वह पूरी तरह फिट हैं और पाकिस्तान के खिलाफ खेलने को तैयार हैं। उन्होंने शनिवार को बल्लेबाजी अभ्यास भी किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने संकेत दिया है कि अभिषेक को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ सकता है।

कुलदीप बन सकते हैं ‘एक्स फैक्टर’


पिच की प्रकृति और पाकिस्तान के खिलाफ पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। पाकिस्तानी बल्लेबाजों को कुलदीप के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया है। एशिया कप फाइनल में भी कुलदीप ने चार विकेट झटके थे और बाबर आजम के खिलाफ उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। पाकिस्तान की बल्लेबाजी में बड़े हिटर की कमी मानी जा रही है, ऐसे में कुलदीप का शामिल होना रणनीतिक रूप से फायदेमंद हो सकता है। हालांकि यदि कुलदीप को शामिल किया जाता है तो रिंकू सिंह को बाहर बैठना पड़ सकता है।

पाकिस्तान की बल्लेबाजी की रूपरेखा


पाकिस्तान की बल्लेबाजी मुख्य रूप से साहिबजादा फरहान पर निर्भर मानी जा रही है। उनके साथ सईम अयूब और फहीम अशरफ अहम भूमिका निभा सकते हैं। मध्यक्रम में स्थिरता लाना पाकिस्तान के लिए चुनौती होगी, खासकर यदि भारतीय स्पिनर लय में रहे। 


बारिश का साया और संभावित परिणाम

मौसम इस मुकाबले का सबसे बड़ा अनिश्चित तत्व बना हुआ है। यदि बारिश ने खेल में बाधा डाली तो डकवर्थ-लुईस नियम की भूमिका अहम हो सकती है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मैच पूरा खेला गया तो यह रणनीति, संयम और स्पिन बनाम पेस की जंग का मुकाबला होगा। वहीं अगर बारिश ने हस्तक्षेप किया तो टॉस और शुरुआती ओवरों का प्रदर्शन निर्णायक बन सकता है।

 इतिहास का नया अध्याय?


भारत और पाकिस्तान के बीच हर मुकाबला इतिहास का हिस्सा बन जाता है। इस बार भी परिस्थितियां असामान्य हैं-राजनीतिक बयानबाजी, कूटनीतिक तनाव, टीम संयोजन की जटिलताएं और मौसम की अनिश्चितता। अब सवाल यह है कि क्या यह मैच केवल एक और रोमांचक क्रिकेट मुकाबला साबित होगा, या फिर इसके जरिए दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में नया अध्याय जुड़ जाएगा? सभी की निगाहें कोलंबो पर टिकी हैं, जहां मैदान तैयार है, खिलाड़ी तैयार हैं, दर्शक तैयार हैं, बस मौसम का फैसला बाकी है।


भारत-पाकिस्तान की टीमें

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), इशान किशन, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती।

पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान व उस्मान तारिक।

Tags:    

Similar News