क्वार्टर फाइनल में सुदीप-शाहबाज के शतक

बेंगलुरु, ईस्ट जोन ने दिलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल-1 में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ पहले दिन 6 विकेट खोकर 355 रन बनाए लिए हैं।;

By :  IANS
Update: 2026-08-23 12:12 GMT

बेंगलुरु, ईस्ट जोन ने दिलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल-1 में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ पहले दिन 6 विकेट खोकर 355 रन बनाए लिए हैं। इस पारी में सुदीप कुमार घरामी और शाहबाज अहमद शतक लगा चुके हैं।

बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2 में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ईस्ट जोन की शुरुआत खराब रही। इस टीम ने 12 के स्कोर पर वैभव सूर्यवंशी का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद कुमार कुशाग्र के साथ अभिमन्यु ईश्वरन दूसरे विकेट के लिए 13 रन ही जुटा सके।

ईश्वरन 20 गेंदों में 2 चौकों के साथ 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सुदीप कुमार घरामी ने कुमार कुशाग्र के साथ तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया। कुशाग्र ने 9 चौकों के साथ 55 रन की पारी खेली, जिसके बाद टीम ने विराट सिंह (2) और कप्तान ईशान किशन (4) के विकेट भी खो दिए।

ईस्ट जोन ने 138 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद घरामी ने शाहबाज अहमद के साथ छठे विकेट के लिए 150 रन जुटाकर टीम को तिहरे शतक के करीब पहुंचाया।

सुदीप 185 गेंदों में 146 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 25 चौके शामिल रहे। यहां से शाहबाज ने अनुकूल रॉय के साथ सातवें विकेट के लिए 67 रन की अटूट साझेदारी करते हुए पहले दिन की समाप्ति तक टीम को 355/6 के स्कोर तक पहुंचाया। फिलहाल, शाहबाज 2 छक्कों और 9 चौकों के साथ 100 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि अनुकूल ने 22 रन अपने खाते में जोड़ लिए हैं।

नॉर्थ ईस्ट जोन की तरफ से फेरोइजम जोतिन ने 16 ओवरों में 53 रन देकर 3 विकेट हासिल कर लिए हैं, जबकि आकाश चौधरी ने 2 विकेट निकाले हैं। इनके अलावा, बिश्वोरजीत कोंथौजम ने 1 विकेट चटकाए।

ईशान किशन की कप्तानी में ईस्ट जोन की टीम वैभव सूर्यवंशी, अभिमन्यु ईश्वरन, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, विराट सिंह, अनुकूल रॉय, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार और अभिजीत के सरकार के साथ यह मैच खेल रही है।

वहीं, नॉर्थ ईस्ट जोन रोंगसेन जोनाथन (कप्तान), किशन लिंगदोह, आशीष थापा, अर्पित सुभाष भटेवरा (विकेटकीपर), कंगाबम प्रियोजीत सिंह, जोसेफ लालथनखुमा, फिरोइजाम जोतिन, आकाश चौधरी, इमलीवाती लेम्तुर, बिश्वोरजीत कोनथौजम और तेची नेरी के साथ यह मैच खेल रही है।

Tags:    

Similar News