सदी का सितम, अमरकंटक और कान्हा में 0 डिग्री तापमान
भोपाल ! पिछले चार दिनों चल रही कड़ाके की ठंड के प्रकोप से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। शनिवार को तापमान में और भी गिरावट आई है।;
भोपाल ! पिछले चार दिनों चल रही कड़ाके की ठंड के प्रकोप से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। शनिवार को तापमान में और भी गिरावट आई है। इससे महाकोशल और विंध्य क्षेत्र के अधिकत्तर जिले कांपते रहे।
अनूपपुर जिले के अमरकंटक और मंडला जिले के कान्हा क्षेत्र में पारा 0 डिग्री पर लुढक़ गया है। जबकि दमोह जिले में 0.2 और डिंडौरी में 1 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। इन क्षेत्रों में सुबह ओम जम जाती है। दिनभर चल रही शीतलहर के बीच धूप भी बेअसर साबित हो रही है। वहीं दूसरी ओर फसलों की बात करें तो फिलहाल फसलों को ज्यादा नुकसान नहीं है, लेकिन कुछ दिन और ऐसा ही मौसम बना रहा तो पाला लग सकता है।
भोपाल, इंदौर में कुछ राहत
हवा का रुख बदलने से प्रदेश के कुछ स्थानों पर ठंड से कुछ राहत मिली है। इसके तहत रात-दिन के तापमान में कुछ इजाफा हुआ है। मौसम विज्ञानियों ने दो दिन तक सर्दी से कुछ राहत मिलने के आसार जताए है,लेकिन इसके बाद ठंड का सितम फिर शुरू हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार को भोपाल,इंदौर में कोल्ड-डे नहीं रहा। साथ ही शीतलहर भी नहीं चली। ग्वालियर,चंबल संभाग में भी लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली है। लेकिन सागर संभाग में ठंड का कहर जारी है। अगले 24 घंटे के दौरान दमोह,बैतूल मे तीव्र शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही जबलपुर, शहडोल, रीवा, सागर संभाग, रायसेन, रतलाम जिले में शीतलहर चलेगी।