महानायक अमिताभ की बेटी बनी राइटर,किताब अक्टूबर में होगी लॉन्च
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन नंदा की पहली किताब 'पैराडाइज टॉवर्स' अक्टूबर में लॉन्च होगी
By : एजेंसी
Update: 2018-04-14 13:58 GMT
नोएडा। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन नंदा की पहली किताब 'पैराडाइज टॉवर्स' अक्टूबर में लॉन्च होगी। श्वेता ने बयान में कहा, "मेरे मन में 'पैराडाइज टॉवर्स' लिखने का विचार एक सुबह जागने के बाद आया। यह मेरे लिए अस्वाभाविक नहीं है। मैं कथाकारों के परिवार से ताल्लुक रखती हूं। बचपन में हमें पढ़ने-लिखने के लिए प्रोत्साहित किया जाता था और हमें कल्पनाएं करने की पूरी छूट थी।"
उन्होंने कहा कि वह अपनी पहली किताब प्रकाशित होने को लेकर उत्साहित हैं, लेकिन दर्शकों की प्रतिक्रिया जानने को लेकर बेचैन भी हैं।
किताब को हॉर्पर कॉलिंस इंडिया प्रकाशित कर रही है। कहा जा रहा है कि श्वेता की किताब की लॉन्चिंग के मौके पर पूरा बच्चन परिवार मौजूद होगा।