शहीद पनेरू पंचतत्व में विलीन, सैन्य सम्मान के साथ दी गयी अंतिम विदाई
जम्मू कश्मीर में शहीद हुए सैनिक यमुना प्रसाद पनेरू रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गये।
नैनीताल। जम्मू कश्मीर में शहीद हुए सैनिक यमुना प्रसाद पनेरू रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गये। उन्हें सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गयी। इस मौके पर माहौल बेहद भावुक एवं गमगीन था।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की और से कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पमाला अर्पित की।
शहीद पनेरू का पार्थिव शरीर जम्मू कश्मीर से शनिवार को हल्द्वानी लाया गया था लेकिन उन्हें अंतिम विदाई आज दी गयी। सेना द्वारा उनके पार्थिव शरीर को सुबह मोटाहल्दू गोरापड़ाव स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। उनके अंतिम दर्शन के लिये लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। पार्थिव शरीर जैसे ही उनके घर पहुंचा माहौल बेहद गमगीन हो गया। लोगों ने यमुना प्रसाद अमर रहे, वंदेमातरम, भारत माता की जय के नारे लगाकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। परिजनों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
कुछ देर बाद उनकी अंतिम यात्रा घर से चित्रशिला घाट की ओर निकली। जहां उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गयी। उन्हें अंतिम विदाई देने वालों में कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, विधायक नवीन चंद्र दुमका, राम सिंह कैड़ा, कांग्रेस नेता हरीश चंद्र दुर्गापाल के अलावा पुलिस, प्रशासन एवं सेना के अधिकारी शामिल थे।
शहीद पनेरू जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में ड्यूटी पर तैनात थे। विगत गुरुवार को सेना की गशत के दौरान हुई दुर्घटना में वह शहीद हो गये। गश्त के दौरान वह गहरी खाई में गिर गये। सेना द्वारा उनका पार्थिव शरीर शनिवार को पहले बरेली लाया गया और उसके बाद आर्मी परिसर हल्द्वानी पहुंचाया गया।